Publish Date: Sun, 23 Feb 2025 (08:17 IST)
Updated Date: Sun, 23 Feb 2025 (08:23 IST)
Weather Update : जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश से कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया। ओडिशा और असम समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में आंधी-तूफान, गरज और बिजली की कड़क के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई है। कुछ जगहों पर ओले भी गिरे हैं। रविवार को भी पूर्वी भारत में बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान उत्तर पश्चिम भारत के अधिकांश क्षेत्रों दिन के समय तापमान में 1-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, गंगा के किनारे वाले पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों में तापमान में 3-5 डिग्री तक वृद्धि दर्ज की गई। देश के अन्य हिस्सों में तापमान में कोई उल्लेखनीय बदलाव नहीं देखा गया। महाराष्ट्र, तेलंगाना और पूर्वी मध्य भारत, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में ज्यादातर जगहों पर दिन का तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री ऊपर रहा। पूर्वोत्तर भारत में यह सामान्य से 1-4 डिग्री नीचे रहा और देश के अन्य हिस्सों में यह लगभग सामान्य के आसपास दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 0.8 डिग्री कम है। सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री दर्ज किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है जो 25 फरवरी से उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके चलते 25 से 28 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा, 26 से 28 फरवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। 27-28 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में और 28 फरवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मध्यम वर्षा हो सकती है।
आईएमडी ने बताया कि रविवार को पश्चिम बंगाल के गंगा के तट वाले क्षेत्रों और ओडिशा में गरज, बिजली गिरने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना और लोगों को सावधान करने के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।
बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, सिक्किम और असम समेत पूर्वोत्तर के सभी सातों राज्यों में बिजली कड़ने, तेज हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सक्रिय पूर्वी लहर के प्रभाव में अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में 25 और 26 फरवरी को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
edited by : Nrapendra Gupta