Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Weather Update : देश के कई राज्‍यों में बारिश का अलर्ट, UP के 666 गांव बाढ़ से प्रभावित

हमें फॉलो करें Weather Update : देश के कई राज्‍यों में बारिश का अलर्ट, UP के 666 गांव बाढ़ से प्रभावित
, रविवार, 9 अगस्त 2020 (09:15 IST)
नई दिल्‍ली। एक बार फिर मौसम करवट लेने के साथ ही दिल्ली वालों को गर्मी व उमस से राहत दिलाएगा। यहां आज से 4 दिन तक भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान में बारिश होने से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। केरल में भारी बारिश होगी।उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के 666 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्‍य की कई नदियां खतरे के निशान को पार कर गई हैं। वहीं मुंबई और तटीय महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में सोमवार से दक्षिण पश्चिम मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के निम्न दबाव की रेखा उत्तर की तरफ बढ़ रही है, जो 9 से 12 अगस्त शाम के दौरान दिल्ली-एनसीआर के पास से होते हुए गुजरेगी। इस दौरान अरब सागर से दक्षिण-पश्चिमी हवाएं व बंगाल की खाड़ी की पूर्वी हवाएं हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर के निचले स्तर पर पहुंचेगीं। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान में हल्की बारिश हो सकती है। जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

केरल में मानसून सक्रिय रहेगा जिससे भारी बारिश होगी। तटीय कर्नाटक, दक्षिणी कोंकण गोवा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह, मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश का भी अनुमान है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक तमिलनाडु, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, गुजरात के कुछ भागों, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून के मुंबई समेत तटीय महाराष्ट्र में 10-11 अगस्त से फिर से सक्रिय होने की संभावना है और यह एक हफ्ते तक सक्रिय रह सकता है। पिछले दो दिन में मुंबई तथा पड़ोसी इलाकों में मध्यम बारिश हुई है। मुंबई में बुधवार को रिकॉर्ड बारिश हुई और पिछले दो दिन में शहर और उपनगरों में 20 मिलीमीटर से 45 मिलीमीटर तक बारिश हुई।

उत्तर प्रदेश के 17 जिलों के 666 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। शारदा, राप्ती और घाघरा नदियां अलग-अलग जगहों पर खतरे के निशान को पार कर गई हैं। अंबेडकर नगर, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, बलरामपुर, बाराबंकी, बस्ती, गोंडा, गोरखपुर, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, मऊ, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और सीतापुर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।

झारखंड में अगले चार दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। इस दौरान दो दिनों तक तेज बारिश की भी संभावना है। मानसून राज्य में सामान्य रूप से सक्रिय है। इससे रांची, रामगढ़, हजारीबाग, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, खरसांवा, सिमडेगा आदि जिलों में बारिश के साथ वज्रपात होने की संभावना है।
बीते 24 घंटों के दौरान केरल के तमाम हिस्सों में मूसलधार मानसून बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। असम, मेघालय, झारखंड और उत्तरी गुजरात में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के बीच एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

ब्राजील में 5 माह में कोरोनावायरस ने ली करीब 1 लाख की जान, 29.62 लाख संक्रमित