Yamuna river water level: दिल्ली में यमुना नदी (Yamuna river) के जलस्तर में गुरुवार को कमी आई है। 1 दिन पहले नदी का जलस्तर 204.13 मीटर पर पहुंच गया था, जो चेतावनी के निशान से केवल 0.37 मीटर कम है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष (Central Flood Control Room) के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह पुराने लोहे के पुल पर यमुना नदी का जलस्तर 203.29 मीटर था, जो चेतावनी के स्तर 204.50 मीटर से 1.21 मीटर कम था। पुराना लोहे का पुल एक ऐसा प्रमुख स्थल है, जहां से नदी के प्रवाह और संभावित बाढ़ के खतरों पर नजर रखी जाती है।
पानी का बहाव 50,000 क्यूसेक को पार कर गया : केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के अनुसार मंगलवार को इस मानसून में पहली बार हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी का बहाव 50,000 क्यूसेक को पार कर गया, जो रात 1 बजे के आसपास 54,707 क्यूसेक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। बैराज से छोड़े गए पानी को दिल्ली पहुंचने में आमतौर पर 48 से 50 घंटे लगते हैं।
ALSO READ: Weather Update: दिल्ली में बाढ़ का खतरा, 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
पिछले साल भारी बारिश के बावजूद दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया था। सितंबर के अंत में यमुना का जलस्तर 204.38 मीटर के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इसके विपरीत जुलाई 2023 में आई बाढ़ में जलस्तर रिकॉर्ड 208.66 मीटर तक पहुंच गया था। मयूर विहार, आईटीओ, सलीमगढ़ बाईपास और सिविल लाइंस जैसे इलाके जलमग्न हो गए थे जिससे हजारों लोग विस्थापित हुए थे।
ALSO READ: Weather Update: दिल्ली-NCR समेत मैदानी राज्यों में वर्षा जारी, IMD का 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट
दिल्ली सरकार की बाढ़ नियंत्रण योजना के अनुसार पहली चेतावनी आधिकारिक तौर पर तभी जारी की जाती है जब हथिनीकुंड से 1 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जाता है।(भाषा)(फ़ाइल चित्र)
Edited by: Ravindra Gupta