पुष्पों से ढँकी शरद ऋतु!

- अनिता मोदी

Webdunia
ND

22 अगस्त से शरद ऋतु लग गई है। वैसे तो यह आश्चर्य लगता है कि अभी वर्षा पूरी तरह से हुई नहीं और शरद ऋतु आ गई। लेकिन भारतीय पंचांग के अनुसार ऋतु परिवर्तन हर दो मास में होता है और इस मान से शरद ऋतु (संस्कृतः शरत्‌) का आगमन हो गया है। भारतीय पंचांग में छः ऋतुएँ हैं। शरद ऋतु मानसून काल का उत्तरार्द्घ होता है। गर्मी की तपन एक याद बन रही है और शीत ऋतु की ठंडक अभी अपनी राह में है। मौसम सुहावना और ताजगी भरा होने वाला है। शरद संयम, संतुलन, आराम और शांति की ऋतु होती है।

तुलसीदासजी ने रामचरितमानस में शरद ऋतु का गुणगान करते हुए लिखा है -
बरषा बिगत सरद ऋतु आई। लछिमन देखहु परम सुहाई॥
फूलें कास सकल महि छाई। जनु बरषाँ कृत प्रगट बुढ़ाई ॥

अर्थात हे लक्ष्मण! देखो वर्षा बीत गई और परम सुंदर शरद ऋतु आ गई। फूले हुए कास से सारी पृथ्वी छा गई। मानो वर्षा ऋतु ने कास रूपी सफेद बालों के रूप में अपना वृद्घापकाल प्रकट किया है। वृद्घा वर्षा की ओट में आती शरद नायिका ने तुलसीदास के साथ कवि कुल गुरु कालिदास को भी इसी अदा में बाँधा था।

ऋतु संहारम के अनुसार 'लो आ गई यह नव वधू-सी शोभती, शरद नायिका! कास के सफेद पुष्पों से ढँकी इस श्वेत वस्त्रा का मुख कमल पुष्पों से ही निर्मित है और मस्त राजहंसी की मधुर आवाज ही इसकी नुपूर ध्वनि है। पकी बालियों से नत, धान के पौधों की तरह तरंगायित इसकी तन-यष्टि किसका मन नहीं मोहती।'

जानि सरद ऋतु खंजन आए। पाइ समय जिमि सुकृत सुहाए॥
अर्थात शरद ऋतु जानकर खंजन पक्षी आ गए।

जैसे समय पाकर सुंदर सुकृत आ जाते हैं अर्थात पुण्य प्रकट हो जाते हैं।

ND
बसंत के अपने झूमते-महकते सुमन, इठलाती-खिलती कलियाँ हो सकती हैं। गंधवाही मंद बयार, भौंरों की गुंजरित-उल्लासित पंक्तियाँ हो सकती हैं, पर शरद का नील धवल, स्फटिक-सा आकाश, अमृतवर्षिणी चाँदनी और कमल-कुमुदिनियों भरे ताल-तड़ाग उसके पास कहाँ? संपूर्ण धरती को श्वेत चादर में ढँकने को आकुल ये कास-जवास के सफेद-सफेद ऊर्ध्वमुखी फूल तो शरद संपदा है। पावस मेघों के अथक प्रयासों से धुले साफ आसमान में विरहता चाँद और उससे फूटती, धरती की ओर भागती निर्बाध, निष्कलंक चाँदनी शरद के ही एकाधिकार हैं।

शरद में वृष्टि थम जाती है। मौसम सुहावना हो जाता हैं। दिन सामान्य तो रात्रि में ठंडक रहती है। शरद को मनोहारी और स्वस्थ ऋतु मानते हैं। प्रायः अश्विन मास में शरद पूर्णिमा के आसपास शरद ऋतु का सौंदर्य दिखाई देता है। शरद ऋतु 23 अक्टूबर तक रहेगी। इसके बाद हेमंत का आगमन होगा।

अधिक मास और ज्योतिषिय गणना के चलते ऋतुएँ 24 दिन आगे बढ़ गई हैं। इस कारण वर्षाकाल के मध्याह्न में ही शरदारंभ हो गया है। सावन में शिव आराधना, भादौ में गणपति आराधना, अश्विन में पितृ व उसके बाद देवी आराधना क्रमबद्घ रूप से चलेंगे, जो शरद ऋतुकाल में आते हैं। - पं. आनंदशंकर व्यास, ज्योतिषाचार्य

ग्रीष्मकाल में गर्मी के कारण शरीर तप्त होता है। वर्षाकाल में शरीर ठंडक का अभ्यस्त होने लगता है। इस समय शरीर में संचित पित्त शरद में कुपित हो जाता है। अन्न सेवन की विशेष अभिलाषा होती है। अन्न मात्रापूर्वक सेवन करें। जौ, गेहूँ सेवन योग्य हैं। धूप में नहीं घूमें। पूर्व दिशा की हवा का त्याग करें। चूँकि वर्षा अभी बराबर नहीं हुई है, अतः इस समय नेत्र रोग, त्वचा संबंधी बीमारियाँ होने की ज्यादा आशंका बनती है। शारीरिक सफाई रखें। शरीर को सूखा रखें। भादौ मास में दही का सेवन नहीं करें। - डॉ. पवन व्यास,

भादौ मास में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, डोल ग्यारस, हरितालिका तीज, ऋषि पंचमी, अनंत चतुर्दशी तथा अश्विन मास में पितृ पक्ष, शरद पूर्णिमा प्रमुख रूप से पड़ेंगे।

Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

दुनिया में कितने मुस्लिम इस्लाम धर्म छोड़ रहे हैं?

ज्येष्ठ माह के 4 खास उपाय और उनके फायदे

नास्त्रेदमस ने हिंदू धर्म के बारे में क्या भविष्यवाणी की थी?

भारत ने 7 जून तक नहीं किया पाकिस्तान का पूरा इलाज तो बढ़ सकती है मुश्‍किलें

क्या जून में भारत पर हमला करेगा पाकिस्तान, क्या कहते हैं ग्रह नक्षत्र

सभी देखें

धर्म संसार

बड़ा महादेव जाकर पूजन करने का क्या है महत्व, कौन सा बोलें मंत्र?

मंगल का सिंह राशि में प्रवेश, क्या होगा 12 राशियों का राशिफल

श्री काल भैरव अष्टक

श्री राधा चालीसा

18 साल बाद बना कुंज केतु योग, घटना-दुर्घटना के साथ देश-दुनिया में विद्रोह का संकेत, 4 राशियां रहें संभलकर