Publish Date: Thu, 21 Nov 2019 (17:17 IST)
Updated Date: Thu, 21 Nov 2019 (17:27 IST)
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सरकार गठन की कवायद के बीच शिवसेना सांसद भावना गवली ने गुरुवार को लोकसभा में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख राज्य में जल्द सरकार बनवाएं, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
शून्यकाल में भावना ने बेमौसम बारिश से परेशान किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महाराष्ट्र में किसान बहुत हैं और उन्हें तत्काल मदद पहुंचाने की जरूरत है। राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है और उन तक राहत नहीं पहुंच पा रही है।
उन्होंने कहा कि जल्द सरकार बने, ताकि किसानों को राहत मिले। शिवेसना सांसद ने कहा, मैं तो सोनिया जी और पवार जी से कहूंगी कि वे जल्द सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी किसानों के लिए 25-25 हजार रुपए की मदद देने की मांग की है।