Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

राष्ट्रपति मुर्मू ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना पर जताया शोक

Advertiesment
हमें फॉलो करें President Draupadi Murmu

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

नई दिल्ली , रविवार, 16 फ़रवरी 2025 (10:24 IST)
President Draupadi Murmu News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना में लोगों की मौत होने पर रविवार को शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना को लेकर गहरा दुख प्रकट किया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
 
प्लेटफार्म संख्या 14 और 15 पर प्रयागराज (जहां महाकुंभ का आयोजन किया गया है) जाने वाली ट्रेन पर सवार होने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी जिसके बाद वहां भगदड़ मच गई। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत होने के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगदड़ की घटना पर दुख जताया : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में लोगों की मौत होने पर रविवार को गहरा दुख प्रकट किया।
 
योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने कहा, प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति, शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे में कई लोगों के हताहत होने की अत्यंत दु:खद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि हादसे में घायल हुए लोगों को जल्द से जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ओम शांति:। (इनपुट भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi