Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

पंजाब में प्रियंका गांधी का कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना, कहा- उनकी सरकार दिल्ली से BJP चला रही थी

हमें फॉलो करें पंजाब में प्रियंका गांधी का कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना, कहा- उनकी सरकार दिल्ली से BJP चला रही थी
, रविवार, 13 फ़रवरी 2022 (20:55 IST)
कोट कपूरा (पंजाब)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह की अगुवाई वाली पंजाब सरकार को इसलिए हटाना पड़ा, क्योंकि उसे दिल्ली से भाजपा चला रही थी। उन्होंने आप पर भी हमला करते हुए उसे आरएसएस से निकली हुई पार्टी बताया।
 
पंजाब में 20 फरवरी को 117 सदस्यीय विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव से पहले एक चुनावी जनसभा में उन्होंने पंजाब की मुख्य विपक्षी पार्टी आप पर दिल्ली में कुछ भी न करने का आरोप लगाया और कहा कि उसकी सरकार ‘नाकाम’ रही है।
 
कांग्रेस नेता ने कहा कि लोगों को आप द्वारा प्रचारित किए जा रहे शासन के दिल्ली मॉडल से सावधान रहना चाहिए, क्योंकि भाजपा भी 2014 में गुजरात मॉडल का प्रदर्शन कर केंद्र में सत्ता में आयी थी लेकिन सच्चाई अब सभी के सामने है।
 
उन्होंने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आरएसएस से निकली है और उसकी विचारधारा भाजपा जैसी है। पिछले साल सितंबर में कांग्रेस द्वारा अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री के पद से हटाने और चरणजीत सिंह चन्नी को उनकी जगह मुख्यमंत्री बनाने के मुद्दे पर प्रियंका ने उनका (अमरिंदर सिंह का) नाम लिए बिना कहा कि यह सच है कि 5 साल तक यहां हमारी सरकार थी, यह भी सच है कि उस सरकार में कुछ खामियां थीं। यह अपने रास्ते से कहीं भटक गई थी।
 
उन्होंने कहा कि उस सरकार ने पंजाब से चलना बंद कर दिया था। वह सरकार दिल्ली से चलाई जा रही थी। दिल्ली में भी उसे कांग्रेस द्वारा नहीं, बल्कि भाजपा और भाजपा नीत सरकार द्वारा चलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि वह छिपा गठजोड़ सामने आ गया। इसलिए हमें उस सरकार को बदलना पड़ा।
 
सिंह ने पिछले साल सितंबर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोतसिंह सिद्धू के साथ कड़े सत्ता संघर्ष के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। बाद में सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी और अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) बनायी।
 
पीएलसी, भाजपा और सुखदेव सिंह ढींढसा की अगुवायी वाले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ मिलकर राज्य विधानसभा चुनाव लड़ रही है। मुख्यमंत्री बदलने के मुद्दे पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हम आपकी आवाज सुन रहे थे और हम अहसास कर रहे थे कि कुछ गलत हो रहा है। लेकिन चीजें सही की गईं और पंजाब के लोगों को चन्नी जैसा व्यक्ति मिला जो आपके बीच के हैं, एक ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो गरीब परिवार से आते हैं और उन्होंने 100-150 दिनों में काफी कुछ किया है।
 
आप पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि उसकी केजरीवाल के इशारे पर दिल्ली से पंजाब में शासन करने की योजना है। उन्होंने कहा कि इसलिए आप का समर्थन करने की पिछली गलती नहीं दोहराएं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पंजाब से ही चलनी चाहिए।
 
यहां ‘नवी सोच, नवा पंजाब’ जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चन्नी नीत कांग्रेस सरकार यदि सत्ता में लौटती है तो जरूरतमंद परिवारों को हर साल आठ मुफ्त सिलेंडर मिलेंगे और इन परिवारों की महिलाओं को हर महीने 1100 रुपए मिलेंगे।
 
कांग्रेस महासचिव ने वादा किया कि सरकारी अस्पतालों में 20 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा, राज्य रोजगार गारंटी योजना के तहत हर साल 100 दिनों के रोजगार की गारंटी होगी, आंगनवाड़ी कर्मियों को हर महीने 10000 रुपए तनख्वाह मिलेगी तथा सरकारी विद्यालयों की लड़कियों को स्मार्टफोन एवं लैपटॉप दिये जाएंगे।
 
उन्होंने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि एक और पार्टी है, जो दिल्ली से आई है। आपको विज्ञापनों के जरिए दिल्ली मॉडल दिखाया जा रहा है और लोग आपके पास आकर दिल्ली मॉडल का प्रचार कर रहे हैं तथा दिल्ली में सरकार द्वारा किए गए कामों का प्रचार कर रहे हैं।
 
प्रियंका ने लोगों से कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि भाजपा गुजरात मॉडल के दम पर 2014 में केंद्र में सत्ता में आई थी। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े विज्ञापनों में दावा किया गया कि गुजरात में बहुत ज्यादा विकास हुआ, हर कोई अमीर बन रहा है, सब कुछ कुशल मंगल है। लेकिन क्या हुआ? वह मॉडल केवल विज्ञापनों में दिखा।
 
उन्होंने कहा कि लेकिन ऐसी सरकार आयी, जिसके कार्यकाल में बेरोजगारी बढ़ी, किसानों को कुचला गया तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर ध्यान नहीं दिया गया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि दिल्ली की हकीकत उससे अलग नहीं है। आप कहां से आयी, वह आरएसएस से निकली। 
 
दिल्ली में स्वास्थ्य एवं शिक्षण संस्थानों में सुधार के नाम पर कुछ नहीं हैं। आपको बताया गया कि विद्यालयों की स्थिति बहुत सुधरी है। दिल्ली आकर हकीकत देख लीजिए, दिल्ली के लोगों से पूछिए कि वे कैसे रह रहे हैं, सभी ने ऑक्सीजन की कमी देखी, कैसे अस्पताल भर गये थे, वह (आप) सरकार विफल रही। क्या आप यहां ऐसी सरकार चाहते हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

हिजाब विवाद पर भड़कीं महबूबा मुफ्ती, केंद्र की मोदी सरकार पर साधा निशाना...