Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

राजस्थान में गरजे CM योगी आदित्यनाथ, बोले- देश में समस्या का पर्याय बन चुकी है कांग्रेस

हमें फॉलो करें Yogi Adityanath
जयपुर , बुधवार, 1 नवंबर 2023 (19:02 IST)
Yogi Adityanath targeted Congress : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वह देश में समस्या का पर्याय बन चुकी है। इसके साथ ही आदित्यनाथ ने राजस्थान में कानून व्यवस्था को लेकर भी राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।
 
वह तिजारा में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी व सांसद बाबा बालकनाथ द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। आदित्यनाथ ने आरोप लगाया, राजस्थान की गौरवशाली परंपरा को कांग्रेस अपनी प्रकृति के अनुरूप कलंकित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। मुझे आश्चर्य होता है कि कांग्रेस देश के अंदर समस्या का नाम (पर्याय) बन चुकी है। कांग्रेस देश की हर समस्या का नाम (पर्याय) है।
 
उन्होंने कहा, देश जिन समस्याओं का समाधान एक-एक कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज कर रहा है वे सभी समस्याएं कांग्रेस की देन हैं। आदित्यनाथ ने कहा कि समस्या का समाधान करने का नाम ही 'डबल इंजन' की सरकार है।
 
उन्होंने कहा कि जहां-जहां भारतीय जनता पार्टी की 'डबल इंजन' की सरकार है, वहां सुरक्षा, समृद्धि और विकास है तथा वहां बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ समाज के हर तबके को उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। केंद्र सरकार की उज्जवला सहित अन्य योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो कहा करके दिखाया है।
 
आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि यह तुष्टिकरण का खेल कब तक चलेगा? और मैं पूछना चाहता हूं, एक तरफ आप गौ तस्करों को महिमा मंडित करते हैं और दूसरी तरफ पूज्य संतों के आश्रम पर बुलडोजर चलाते हैं।
 
उन्होंने कहा कि ये कैसे स्वीकार किया जा सकता है? यहां पर संतों की हत्या होती है, गौ तस्करी व गौकशी होती है। मां-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। व्यापारी की संपत्ति पर कोई भी गुंडा आकर कब्जा कर लेता है। बाबा बालकनाथ ने तिजारा विधानसभा क्षेत्र से बुधवार को नामांकन दाखिल कर दिया।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

चुनावी बयानबाजी:जय-वीरू घोषित चोर थे, BJP अध्यक्ष का कमलनाथ-दिग्विजय पर तंज, पूछा क्या उन्हें ये पसंद है