Publish Date: Mon, 29 Jun 2026 (16:20 IST)
Updated Date: Mon, 29 Jun 2026 (16:24 IST)
Jaipur Aravali Palace Wall Collapse: जयपुर ग्रामीण के आमेर थाना क्षेत्र स्थित 'अरावली पैलेस' (तालामोड़) रिसॉर्ट में हुए दर्दनाक हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ गई है। मलबे को हटाने के लिए रात-दिन जारी युद्धस्तर के रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बचाव दल ने दो और मजदूरों के शव बरामद किए हैं। इसके साथ ही इस भीषण हादसे में आधिकारिक रूप से जान गंवाने वाले कुल मजदूरों की संख्या 3 हो गई है। जैसे-जैसे कंक्रीट और भारी पत्थरों को हटाया जा रहा है, हादसे की भयावहता और साफ होती जा रही है। बाद में निकाले गए दोनों मजदूरों को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कैसे हुआ हादसा?
तालामोड़ स्थित अरावली रिसॉर्ट के बेसमेंट में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP Plant) के निर्माण का कार्य चल रहा था। निर्माण कार्य के दौरान अचानक एक भारी निर्माणाधीन दीवार भरभराकर धंस गई। दीवार गिरने की वजह से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे पूरी तरह दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
इस हादसे में मलबे से सुरक्षित निकाले गए 4 अन्य घायल मजदूरों का जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल और स्थानीय ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायलों में से कुछ की स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है और उन्हें सघन निगरानी में रखा गया है।
युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन, मौके पर डटा प्रशासन
हादसे के बाद से ही सिविल डिफेंस और पुलिस की टीमें लगातार भारी मलबे को हटाने में जुटी हुई हैं। प्रशासन के आला अधिकारी अभी भी घटना स्थल पर डटे हुए हैं। राहत एवं बचाव दल मलबे के कोने-कोने की गहनता से जांच कर रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि मलबे के नीचे अब कोई और व्यक्ति न फंसा हो। 3 मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे आमेर क्षेत्र में शोक की लहर है।
प्रबंधन और ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज
इस मामले में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की बात सामने आई है। पुलिस ने इस घातक लापरवाही को बेहद गंभीरता से लेते हुए निर्माण ठेकेदार और संबंधित रिसॉर्ट प्रबंधन के खिलाफ मामला (FIR) दर्ज कर लिया है। प्रशासन ने घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
About Writer
विशेष प्रतिनिधि
राजनीतिक, सामाजिक एवं समसामयिक मुद्दों पर देश के अलग-अलग हिस्सों से वेबदुनिया के विशेष प्रतिनिधियों की टीम प्रकाशन के लिए कंटेंट प्रेषित करती है। ....
और पढ़ें