Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

'कुदुम्बश्री' के 30 सदस्यों को कोच्चि जल मेट्रो सेवा में मिली नौकरी, पीएम मोदी ने किया था लोकार्पण

हमें फॉलो करें 'कुदुम्बश्री' के 30 सदस्यों को कोच्चि जल मेट्रो सेवा में मिली नौकरी, पीएम मोदी ने किया था लोकार्पण
, बुधवार, 26 अप्रैल 2023 (13:05 IST)
  • 'कुदुम्बश्री' के 30 सदस्यों को नौकरी
  • बुधवार से वाणिज्यिक परिचालन शुरू
  • मोदी ने किया था लोकार्पण
Kudumbashree: कोच्चि। केरल सरकार की महत्वाकांक्षी 'जल मेट्रो सेवा' (water metro service) में महिला स्वयं सहायता समूह 'कुदुम्बश्री' के 30 सदस्यों को नियुक्त किया गया है। कोच्चि वॉटर मेट्रो सेवा ने बुधवार को वाणिज्यिक परिचालन शुरू किया। 1 दिन पहले इसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। 'जल मेट्रो सेवा' में कुल 74 कर्मचारी कार्यरत हैं।
 
केरल में महिला अधिकारिता के लिए काम कर रहे स्वयं सहायता समूह कुदुम्बश्री ने एक बयान में कहा कि उनके 18 सदस्य मेट्रो के 'टिकटिंग सेक्शन' में तथा 12 सदस्य 'हाउसकीपिंग सेक्शन' काम करने के लिए नियुक्त किए गए हैं। बयान के मुताबिक वर्तमान समय में 'जल मेट्रो सेवा' में कुल 74 कर्मचारी कार्यरत हैं।
 
कुदुम्बश्री ने एक बयान में कहा कि हाउसकीपिंग और टिकटिंग के लिए नियुक्त कर्मचारियों में से 30 महिला स्वयं सहायता समूह कुदुम्बश्री से हैं और आवश्यकता पड़ने पर और महिलाओं को नियुक्त किया जाएगा। कुदुम्बश्री मिशन की शुरुआत 1998 में केरल सरकार द्वारा गरीबी उन्मूलन और महिला सशक्तीकरण के लिए की गई थी। मिशन के तहत महिलाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मुहैया कराए जाते हैं।
 
व्यावसायिक संचालन शुरू : देश की पहले और केरल की महत्वाकांक्षी कोच्चि जल मेट्रो सेवा का बुधवार को व्यावसायिक संचालन शुरू हो गया। 1 दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसकी शुरुआत की थी। बंदरगाह शहर कोच्चि में 1,136.83 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित वाम मोर्चा के नेतृत्व वाली सरकार की प्रमुख परियोजना 78 इलेक्ट्रिक नौकाओं और 38 टर्मिनलों का उपयोग करके 10 द्वीपों को जोड़ेगी।
 
वर्तमान में 15 इलेक्ट्रिक वातानुकूलित कैटमरैन (2 पाटों वाली द्रुतगति नौका) नौकाओं के माध्यम से शहर के निवासियों के लिए 8 जलमार्गों से आवागमन शुरू किया गया है। 15 प्रस्तावित जलमार्ग हैं। उद्घाटन के दिन दिव्यांग बच्चों के एक समूह ने जल मेट्रो की यात्रा का आनंद लिया। नौकाओं और टर्मिनल का निर्माण दिव्यांगों के अनुकूल किया गया है।
 
केरल जल मेट्रो लिमिटेड (केडब्ल्यूएमएल) ने एक बयान में कहा कि नौकाओं का संचालन सुबह 7 बजे से उच्च न्यायालय जल मेट्रो टर्मिनल और वाइपिन जल मेट्रो टर्मिनल से शुरू होगा। इस मार्ग की टिकट दर 20 रुपए है। व्यस्त समय के दौरान उच्च न्यायालय-वाइपिन मार्ग में हर 15 मिनट में नौका सेवा होगी। नौका सेवाएं रात 8 बजे तक जारी रहेंगी।
 
बयान में कहा गया है कि देश की पहली जल मेट्रो सेवा कोच्चि और आसपास के लोगों और दुनियाभर के पर्यटकों के लिए सुरक्षित, सस्ती और किफायती अनुकूल यात्रा प्रदान करेगी। पर्यावरण के अनुकूल जहाज या नौका 8 से 10 समुद्री मील की गति से प्रस्तावित 76 किलोमीटर लंबे मार्गों पर यात्रा करेंगे। प्रत्येक नौका में 100 लोग यात्रा कर सकते हैं। नौका ने 2022 में 'गुसीज इंटरनेशनल इलेक्ट्रिक बोट' पुरस्कार भी जीते हैं।
 
मेट्रो अधिकारियों ने कहा कि जहाजों को सबसे उन्नत और सबसे सुरक्षित बैटरी तकनीक से लैस किया गया है, जो 15 से 20 मिनट में सुपरचार्ज करने में सक्षम है। ये जहाज लाइफ जैकेट और क्षमता से अधिक भीड़ को रोकने के लिए तकनीक सहित जीवनरक्षक उपकरणों से भी लैस हैं।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

चंडीगढ़ पहुंचे पीएम मोदी, प्रकाश सिंह बादल को दी श्रद्धांजलि