Publish Date: Thu, 20 Oct 2022 (08:50 IST)
Updated Date: Thu, 20 Oct 2022 (08:55 IST)
मुंबई। महाराष्ट्र के आतंकवाद रोधी दस्ते (ATS) ने पड़ोसी रायगढ़ जिले के पनवेल से प्रतिबंधित पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के 4 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में प्रतिबंधित संगठन की राज्य विस्तार समिति का एक स्थानीय सदस्य, स्थानीय इकाई का एक सचिव और 2 अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं।
मीडिया खबरों के अनुसार, एटीएस को पनवेल में पीएफआई के दो पदाधिकारियों और कुछ कार्यकर्ताओं की बैठक के बारे में गुप्त जानकारी मिली। इसके बाद, एटीएस की एक टीम ने मुंबई से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित पनवेल में छापेमारी कर पीएफआई के 4 कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद, चारों को कठोर गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम की धारा 10 के तहत मुंबई में एटीएस की कालाचौकी इकाई में दर्ज एक मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार ने पिछले महीने PFI और उसके कई सहयोगी संगठनों पर ISIS जैसे वैश्विक आतंकी समूहों के साथ संबंध होने का आरोप लगाते हुए 5 साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया था। पीएफआई से जुड़े 250 से अधिक लोगों को पिछले महीने कई राज्यों में हुई छापेमारी के दौरान हिरासत में ले लिया गया था।
Edited by : Nrapendra Gupta