Publish Date: Wed, 30 Mar 2022 (15:53 IST)
Updated Date: Wed, 30 Mar 2022 (16:14 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की युवा शाखा भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने यहां विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर लगे सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा अवरोधकों पर हमला किया और उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद जी के घर पर असामाजिक तत्वों ने हमला कर CCTV कैमरे और सिक्योरिटी बैरियर तोड़ दिए है। गेट पर लगे बूम बेरियर भी तोड़ दिए है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के गुंडे केजरीवाल जी के घर पर तोड़फोड़ करते रहे। बीजेपी की पुलिस उन्हें रोकने की जगह उन्हें घर के दरवाज़े तक लेकर आई।
इस बीच आप नेता रविंदर बालियान ने कू पर अपनी पोस्ट में कहा कि दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में भाजपा के गुंडों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर हमला किया, मुख्यमंत्री के घर के बाहर लगे सिक्योरिटी बैरियर और सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े गए। भाजपा आम आदमी पार्टी के बढ़ते हुए कदम को देखकर बौखला गई है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यहां केजरीवाल के आवास पर प्रदर्शन किया और कथित तौर पर कश्मीरी पंडितों का मजाक उड़ाने के लिए उनसे माफी की मांग की।