Publish Date: Fri, 09 Nov 2018 (09:06 IST)
Updated Date: Fri, 09 Nov 2018 (09:09 IST)
कन्नूर। केरल के कसारगौड में गुरुवार को सबरीमाला मुद्दे को लेकर निकाली गई भारतीय जनता पार्टी की 'सबरीमाला सुरक्षा रथयात्रा' पर पथराव किया गया। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पीके कृष्ण दास ने आरोप लगाया कि यात्रा पर पथराव की घटना के पीछे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं का हाथ है।
इस रथयात्रा का नेतृत्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पीएस श्रीधरन पिल्लई और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) गठबंधन के संयोजक तुषार वेल्लापल्ली ने किया। भाजपा की राष्ट्रीय क्रियान्वयन समिति के सदस्य और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पीके कृष्ण दास ने आरोप लगाया कि यात्रा पर पथराव की घटना के पीछे मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं का हाथ है। भाजपा की 'सबरीमाला सुरक्षा रथयात्रा' गुरुवार सुबह कसारगौड के मधुर मदनाथेश्वरा सिद्धिविनायक मंदिर से शुरू हुई थी।
पथराव की घटना में हालांकि किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। दास ने कहा कि पथराव की इस घटना की जानकारी राज्य की सत्तारुढ़ वामपंथी सरकार को थी। पुलिस इस घटना के दोषियों को गिरफ्तार करने में रुचि नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि इस हमले के विरोध में राजग गठबंधन शुक्रवार को 'विरोध दिवस' मनाएगा। (वार्ता)