Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पीया यमुना का पानी, कहा- दिल्ली में कोई जहर नहीं जा रहा

Advertiesment
हमें फॉलो करें Nayab Singh Saini

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

चंडीगढ़ , गुरुवार, 30 जनवरी 2025 (01:15 IST)
Nayab Singh Saini News : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को यमुना नदी के पानी की कुछ घूंट पिए और आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके राज्य से राष्ट्रीय राजधानी में जाने वाले पानी में कोई जहर नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ नेताओं के दिमाग में निश्चित रूप से जहर भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की सीमा पर यमुना का पानी, जहां से यह दिल्ली में प्रवेश करती है, पूरी तरह से मानकों के अनुरूप है। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि भाजपा नदी में जहर मिलाकर लोगों को मारने की कोशिश कर रही है।
 
‘आप’ ने सोमवार को हरियाणा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर जानबूझकर औद्योगिक कचरे को यमुना में डालने का आरोप लगाया था। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि भाजपा नदी में जहर मिलाकर लोगों को मारने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, ऐसे में भाजपा नेतृत्व ने केजरीवाल की ‘यमुना में जहर’ वाली टिप्पणी को लेकर सत्तारूढ़ ‘आप’ सरकार पर निशाना साधा है। इसके जवाब में सैनी ने दिल्ली-हरियाणा सीमा पर दहिसरा गांव के निकट यमुना नदी के घाट का दौरा किया और यमुना के पानी की कुछ घूंट पिए।
 
उन्होंने कहा कि हरियाणा की सीमा पर यमुना का पानी, जहां से यह दिल्ली में प्रवेश करती है, पूरी तरह से मानकों के अनुरूप है और उन्होंने केजरीवाल से इस झूठे बयान के लिए दिल्ली और हरियाणा के लोगों से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि केजरीवाल द्वारा अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिया गया बयान दुर्भाग्यपूर्ण है।
नदी के तट पर जाने से कुछ समय पहले सैनी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी की ‘एक्स’ पर एक पोस्ट को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी। सैनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, आप-दा की खड़ाऊ मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला (वह घाट जहां वह गए थे) में यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में जहर नहीं है, लेकिन आपके दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है।
 
सैनी ने कहा, कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए और कभी अपनी सभी विफलताओं के लिए आप हमेशा हरियाणा के लोगों को कोसती रहती हैं। आतिशी ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कहा था, नायब सैनी जी मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा अनुरोध है कि आप और मैं साथ चलें, और मीडिया के साथियों को भी साथ ले जाएं।
उन्होंने कहा, हम सबके सामने अमोनिया की मात्रा नापेंगे। सभी को पता होना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली के लोगों को जहरीला पानी भेज रहा है। नदी घाट का दौरा करने के बाद सैनी ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में ‘आप’ पर फिर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, बिना किसी झिझक के मैंने हरियाणा की सीमा पर पवित्र यमुना का जल पिया। आतिशी जी नहीं आईं। वह कोई नया झूठ तैयार कर रही होंगी। झूठ के पैर नहीं होते। इसीलिए आप-दा का झूठ काम नहीं कर रहा है।
 
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की भगवान समान जनता ने धोखेबाजों को पहचान लिया है और दावा किया कि पांच फरवरी को मतदान के दिन ‘आप’ के धोखे के युग का अंत निश्चित है। सैनी ने घाट पर कहा कि केजरीवाल का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और उन पर लोगों में डर पैदा करने का आरोप लगाया।
 
उन्होंने कहा, उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बयान दिया और कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार ने जहर घोल दिया है, केजरीवाल ने सामूहिक नरसंहार की बात की। वह क्या साबित करना चाहते हैं? सैनी ने कहा, जल संसाधन प्राधिकरण ने मंगलवार को यहां से नमूने एकत्र किए... इसमें कोई जहरीला पदार्थ नहीं है। मैंने भी पानी पीया... यहां से दिल्ली जाने वाला पानी साफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल झूठ की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘आप’ संयोजक दिल्ली की जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं और इस तरह के बयान देकर खुद को बचाना चाहते हैं। सैनी ने कहा, उन्होंने ऐसा बयान दिया जिससे लोगों में डर और भय पैदा हो गया। उन्होंने अपनी टिप्पणी से हरियाणा के लोगों का अपमान भी किया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
 
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र ने दिल्ली की ‘आप’ सरकार को 8,500 करोड़ रुपए दिए ताकि वे यमुना में गिरने वाले नालों के पानी का शोधन कर सकें। सैनी ने कहा, लेकिन कोई नहीं जानता कि यह पैसा कहां गया... केजरीवाल ने पहले कहा था कि वह यमुना को साफ करेंगे, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया।
आतिशी ने सोमवार को आरोप लगाया था कि भाजपा दिल्ली की जल आपूर्ति को जानबूझकर बाधित कर रही है, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में पांच फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक हार का सामना करना पड़ेगा। केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि भाजपा दिल्ली के लोगों को प्यासा रखने की कोशिश कर रही है क्योंकि वह गंदी राजनीति में लिप्त है।
 
उन्होंने कहा था, हरियाणा में भाजपा के लोग पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर दिल्ली के लोग ये पानी पीएंगे तो कई लोग मर जाएंगे। क्या इससे ज्यादा घिनौना कुछ हो सकता है? (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

27 साल बाद कुंभ में मिला शख्‍स, बन गया अघोरी साधु, परिवार को पहचानने से किया इनकार