Publish Date: Thu, 01 Aug 2019 (21:25 IST)
Updated Date: Thu, 01 Aug 2019 (21:39 IST)
वडोदरा की भारी बारिश की वजह से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से विश्वामित्री नदी उफान पर है। नदी का पानी शहर तक आ गया और इसमें मौजूद मगरमच्छ भी नदी से सड़क पर आ गए। सड़कों पर पानी में तैरते मगरमच्छ की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
बताया जा रहा है कि नदी में लगभग 260 मगरमच्छ थे। ये भूखे मगरमच्छ अब शहर की सड़कों पर घूम रहे कुत्तों को अपना शिकार बना रहे हैं। बारिश से परेशान लोग इन मगरमच्छों की वजह से दहशत में दिखाई दे रहे हैं।
शहर की प्रसिद्ध होटल सयाजी के बाहर भी काफी मात्रा में जलजमाव होने के कारण मगरमच्छ तैर रहे हैं। सड़कों पर मगरमच्छों के डेरा जमाने के कारण होटल में ठहरे यात्रियों में भी भय व्याप्त हो गया है।
जिन लोगों के घर सड़कों के किनारे हैं, वहां भी मगरमच्छों ने अज्ञात डर बैठा दिया है। यहां रहने वाले लोगों को सबसे ज्यादा चिंता छोटे बच्चों की है कि कहीं ये मगरमच्छ बच्चों को अपना शिकार नहीं बना दें।
उल्लेखनीय है कि बारिश की वजह से शहर में बाढ़ से हालात बने हुए हैं। शहर में पिछले 18 घंटों में 20 इंच बारिश हो गई। इससे शहर जलमग्न हो गया। सालभर के कोटे का आधा पानी महज कुछ घंटों में बरस गया। बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
वडोदरा के बड़े हिस्से में अब भी कई फुट पानी भरा हुआ है। प्रशासन ने राहत काम के लिए सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को लगाया है।