Publish Date: Wed, 02 Oct 2024 (09:50 IST)
Updated Date: Wed, 02 Oct 2024 (10:13 IST)
Ram Rahim news in hindi : रोहतक की सुनारिया जेल में उम्र कैद की सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 20 दिन की पेरौल पर रिहा कर दिया गया। वह बरनावा स्थित आश्रम पहुंच गया। राम रहीम इससे पहले 13 अगस्त को सातवीं बार 21 दिनों की फरलो पर आया था। वह यहां से 4 सितंबर को ही वापस सुनारिया जेल गया था। उसे पंजाब विधानसभा चुनाव से लगभग 2 हफ्ते पहले 7 फरवरी, 2022 को 3 हफ्ते की फरलो दी गई थी।
हरियाणा के विधान सभा चुनाव से ठीक पहले उसने 20 दिन पैरोल की अर्जी लगाई। चुनाव आयोग की मंजूरी के बाद डेरा प्रमुख को सशर्त पैरोल मिल गई। पैरोल की अवधि में वह बरनावा स्थित आश्रम में ही रहेगा। 4 सालों में 15वीं बार उसे पैरोल पर रिहा किया गया है।
सिंह 2017 में अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार के जुर्म में 20 साल जेल की सजा काट रहा है। डेरा प्रमुख और तीन अन्य को 16 साल से भी अधिक समय पहले एक पत्रकार की हत्या के मामले में भी 2019 में दोषी ठहराया गया था।
किन शर्तों पर मिली पैरोल : जेल से बाहर आने के बाद वो हरियाणा में नहीं रहेगा। वह किसी भी पॉलिटिकल एक्टिविटी में शामिल नहीं होगा। डेरा प्रमुख को हरियाणा चुनाव के दौरान आश्रम में कोई भी कार्यक्रम करने पर पाबंदी रहेगी। वह सोशल मीडिया पर भी चुनाव प्रचार नहीं कर सकेगा। उस पर पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
बाबा को पैरोल से कांग्रेस नाराज : विधानसभा चुनाव से ठीक पहले गुरमीत राम रहीम को पैरोल देने पर हरियाणा कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। पार्टी ने चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखकर कहा है कि राम रहीम के श्रद्धालुओं की संख्या बड़ी है, जो चुनाव को प्रभावित कर सकती है।
उल्लेखनीय है कि हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। मतगणना के बाद 8 अक्टूबर को चुनाव परिणामों की घोषणा कर दी जाएगी। इस चुनाव में भाजपा जीत की हैट्रिक बनाने के इरादे से चुनाव मैदान में है तो कांग्रेस सत्ता विरोधी लहर के सहारे जीत चाहती है।
Edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें