Publish Date: Fri, 15 Jun 2018 (12:40 IST)
Updated Date: Fri, 15 Jun 2018 (12:43 IST)
इटावा। इटावा जिले के जसवंतनगर क्षेत्र में भागवत कथा के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद में गोलियां चलने से एक महिला की मौत हो गई तथा नौ अन्य लोग जख्मी हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जसवंत नगर थाना क्षेत्र के परसउआ गांव में गुरुवार रात भागवत कथा का आयोजन किया गया था। रात करीब साढ़े दस बजे कथा में प्रसंग को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई।
उन्होंने बताया कि देखते ही देखते मामले ने बड़ा रूप ले लिया और गोलियां चलाई जाने लगीं, जिनकी चपेट में आने से सुषमा देवी (55) नामक महिला की मौत हो गई तथा छह महिलाएं और तीन पुरुष घायल हो गए। घायलों को पीजीआई सैफई अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। (भाषा)