Publish Date: Fri, 12 Apr 2024 (17:06 IST)
Updated Date: Fri, 12 Apr 2024 (17:08 IST)
Firing in manipur : मणिपुर के थौबल जिले के हिरोक गांव के पास शुक्रवार को सशस्त्र ग्रामीण स्वयंसेवकों एवं अज्ञात बंदूकधारियों के बीच गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया। जिसके बाद गांव के स्वयंसेवकों ने जवाबी गोलीबारी की।
पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि अज्ञात बंदूकधारियों ने शुक्रवार तड़के हिरोक गांव की ओर गोलीबारी की, जिसके बाद गांव के स्वयंसेवकों ने जवाबी गोलीबारी की। पुलिस ने कहा, गोलीबारी करीब एक घंटे तक जारी रही और उसके बाद छिटपुट गोलीबारी हुई। गोलीबारी में निंगथौजाम जेम्स सिंह नाम का एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इंफाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उसने कहा कि स्थिति पर नियंत्रण पाने के साथ ही अभियान चलाने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बलों को भेजा गया है। इस बीच, एक अन्य घटनाक्रम में, संदिग्ध शरारती तत्वों ने शुक्रवार तड़के थौबल जिले से लगे काकचिंग जिले के पल्लेल इलाके में एक आरा मिल में आग लगा दी।
पुलिस ने कहा, आग पर काबू के लिए दमकल गाड़ियों को वहां भेजा गया, लेकिन मिल जलकर खाक हो गई। उसने बताया कि सुरक्षा बलों ने अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour