Publish Date: Wed, 12 Oct 2022 (13:29 IST)
Updated Date: Wed, 12 Oct 2022 (13:34 IST)
कोच्चि। केरल में एक दिल दहला देने वाले घटनाक्रम में आर्थिक तंगी दूर करने के लिए तीन लोगों ने 2 महिलाओं की जान ले ली। इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को बुधवार सुबह अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें 26 अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मामले में आरोपी भागवल सिंह, उसकी पत्नी लैला और मोहम्मद शफी के बयान मंगलवार को दर्ज किए गए थे। आरोपियों ने अपनी आर्थिक तंगी दूर करने और समृद्धि प्राप्त करने के लिए महिलाओं की बलि दी थी।
मीडिया की खबरों के अनुसार, आरोपियों की ओर से अदालत में अधिवक्ता बी. ए. अलूर पेश हुए जिन्हें कई सनसनीखेज मामलों में आरोपियों का प्रतिनिधित्व करने के लिए जाना जाता है।
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आर. निशानथिनी ने एक बयान में कहा था कि प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि अपराध आर्थिक तंगी दूर करने और समृद्धि प्राप्त करने के लिए किया गया। अधिकारी ने पथनमथिट्टा के एलानथूर में दंपित के घर से महिलाओं के शव के टुकड़ों को निकालने के अभियान का नेतृत्व किया था।
पुलिस के अनुसार, महिलाओं की उम्र 50 से 55 वर्ष के बीच थी। इनमें से एक कदवंथरा और दूसरी नजदीक स्थित कालडी की रहने वाली थी। वे इस साल क्रमश: सितंबर और जून से लापता थीं। उनकी तलाश में जुटी पुलिस को तफ्तीश के दौरान घटना के कथित तौर पर मानव बलि से जुड़े होने की जानकारी मिली थी।
Edited by : Nrapendra Gupta
webdunia
Publish Date: Wed, 12 Oct 2022 (13:29 IST)
Updated Date: Wed, 12 Oct 2022 (13:34 IST)