Publish Date: Wed, 28 Jul 2021 (14:03 IST)
Updated Date: Wed, 28 Jul 2021 (14:06 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में स्थित यमुना नदी में हजारों की संख्या में मछलियों की मौत हो गई। मछलियों की मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि अभी मछलियों की मौत का कारण सामने नहीं आया है।
जसवंतनगर जिला प्रशासन ने यमुना में विभिन्न प्रजातियों की मछलियों की मौत की पुष्टि की है साथ मत्स्य विभाग को पूरे प्रकरण पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक एक से दो किलोमीटर के दायरे मे यमुना नदी के किनारे पर मरी मछलियां पड़ी हुई और तैरते हुए दिखाई दे रही हैं।
हालांकि मछलियों के मरने की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। स्थानीय लोग मछलियों की मौत का कारण प्रदूषण को मान रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मृत मछलियों में ज्यादातर तिलपिया प्रजाति की हैं। यह भी माना जा रहा है कि यमुना में जलस्तर बढ़ने से सिल्ट (गाद) की मात्रा बढ़ गई है। इससे पानी में ऑक्सीजन की मात्रा कम हुई है। यही कारण है कि मछलियों की मौत हुई है।