Publish Date: Mon, 23 Oct 2017 (21:21 IST)
Updated Date: Tue, 24 Oct 2017 (00:51 IST)
मुंबई। मुंबई की लोकल ट्रेन के महिला कोच में एक पुरुष के प्रवेश करने तथा उसमें से बाहर निकलने से इंकार करने के बाद दक्षिण मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के निकट इस चलती ट्रेन से एक किशोरी ने बाहर छलांग लगा दी।
रेलवे पुलिस ने आज यहां बताया कि यह घटना कल सुबह दस बजे की है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसटीएम) रेल पुलिस थाने में तैनात एक अधिकारी ने बताया कि ट्यूशन के बाद आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की कल्याण लौट रही थी।
उन्होंने बताया कि रविवार होने के कारण महिला कोच के कंपार्टमेंट में उसके अलावा कोई और नहीं था। ट्रेन सीएसटीएम से चली ही थी कि एक व्यक्ति ने उस कोच में प्रवेश किया और जब लड़की ने उसे बताया कि वह गलत कंपार्टमेंट में आ गया है तो उसने उतरने से मना कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि उतरने के बदले उसने लड़की से चुप रहने को कहा और डरावने तरीके से उसकी ओर बढ़ने लगा। इससे डरी हुई लड़की ट्रेन से बाहर कूद गई और घायल हो गई।
लड़की की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 तथा 338 तथा संबंधित रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। (भाषा)