Publish Date: Thu, 05 Mar 2020 (15:34 IST)
Updated Date: Thu, 05 Mar 2020 (15:46 IST)
नई दिल्ली। हरियाणा के गुडगांव में काम करने वाले कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज के संपर्क में आए 5 लोगों की जांच की गई है और रिपोर्ट आने तक उन्हें पृथक कर दिया गया है। ये लोग पश्चिम दिल्ली में रहते हैं। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पेटीएम के कर्मचारी के बुधवार को संक्रमित होने का पता चला। वह गुडगांव में 91 लोगों के संपर्क में आया। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य अधिकारी नोएडा में उनके समकक्षों के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कितने लोगों के संपर्क में आए थे।
अधिकारी ने कहा कि मरीज उत्तम नगर का रहने वाला है। उनकी जांच रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। हमने उसके संपर्क में आए 5 अन्य लोगों की भी जांच की गई है। उन्हें उनके घर में ही पृथक कर दिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि हम गुडगांव के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने 91 लोगों की सूची दी है जो मरीज के संपर्क में आए थे। हम नोएडा और कनॉट प्लेस और 2 अन्य स्थानों के अधिकारियों के साथ भी समन्वय कर रहे है, जहां वे लोगों के संपर्क में आए थे।