Publish Date: Mon, 07 Jan 2019 (23:58 IST)
Updated Date: Tue, 08 Jan 2019 (00:38 IST)
मुंबई। कांग्रेस की पूर्व सांसद प्रिया दत्त ने सोमवार को घोषणा की कि वे 2019 लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी और अपने परिवार को ज्यादा समय देना चाहेंगी। स्मरण रहे, प्रिया दत्त अभिनेता व पूर्व सांसद स्व. सुनील दत्त की पुत्री व अभिनेता संजय दत्त की बहन हैं।
एआईसीसी सचिव के तौर पर 'पदमुक्त' किए जाने के कुछ महीने बाद प्रिया ने इस प्रकार अपने भविष्य के राजनीतिक कदम को लेकर अटकलों को विराम दिया। एक बयान में पूर्व सांसद ने कहा कि उन्होंने सक्रिय राजनीति से हटने का निर्णय कुछ महीने पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ साझा किया है।
कांग्रेसी नेता ने कहा कि वे पार्टी तथा इसके उम्मीदवार के लिए काम करने को प्रतिबद्ध हैं लेकिन वे अपनी अंतरात्मा के खिलाफ किसी को समर्थन नहीं करेंगी। वर्ष 2014 लोकसभा चुनावों में प्रिया को भाजपा की पूनम महाजन ने मुंबई उत्तर-मध्य सीट से हराया था।