Publish Date: Wed, 16 Jan 2019 (19:29 IST)
Updated Date: Wed, 16 Jan 2019 (19:41 IST)
मुंबई। चर्चित पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे फिल्म निर्देशक राजकुमार हिरानी का बचाव करते हुए कहा कि वे फिल्म उद्योग के सबसे शालीन व्यक्ति हैं।
हिरानी पर 2018 में आई फिल्म 'संजू' में उनके साथ काम करने वाली एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस महिला ने 3 नवंबर 2018 को हिरानी के सहयोगी और संजू फिल्म के सहनिर्माता विधु विनोद चोपड़ा को ई-मेल भेजकर आरोप लगाए हैं, हालांकि हिरानी ने आरोपों से इंकार किया है। अख्तर ने ट्विटर पर हिरानी का समर्थन किया।
उन्होंने लिखा कि मैं 1965 में फिल्म उद्योग में आया था। इतने सालों बाद अगर मुझसे पूछा जाए कि इस उद्योग में सबसे शालीन व्यक्ति कौन है? तो शायद मेरे दिमाग में आने वाला पहला नाम राजू हिरानी है। जीबी शॉ ने कहा है कि 'ज्यादा अच्छा होना भी ज्यादा खतरनाक होता है।' अख्तर से पहले फिल्म कलाकार अरशद वारसी, दिया मिर्जा और शरमन जोशी भी हिरानी का समर्थन कर चुके हैं। (भाषा)