Publish Date: Mon, 17 Oct 2016 (11:45 IST)
Updated Date: Mon, 17 Oct 2016 (11:51 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एक और बड़ा झटका लग सकता है। पार्टी की वरिष्ठ नेता और लखनऊ के कैंट विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक रीता बहुगुणा जोशी पार्टी छोड़ सकती हैं।
खबरों के मुताबिक रीता कांग्रेस छोड़ अब भाजपा का दामन थाम सकती हैं। बहुगुणा के भाई पहले ही भाजपा में शामिल हो चुके हैं। भाई विजय बहुगुणा जोकि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हैं उन्होंने भी हाल ही में कांग्रेस का साथ छोड़ भाजपा का हाथ थाम लिया था। अब खबर है कि रीता बहुगुणा जोशी भी भाजपा में शामिल हो सकती हैं।
दरअसल, माना जा रहा है कि पार्टी में अनदेखी की वजह से रीता पार्टी छोड़ सकती हैं। समाजवादी पार्टी ने इस बार रीता बहुगुणा के संसदीय क्षेत्र से अपर्णा बहुगुणा को मैदान में उतारा है, ऐसे में इस सीट पर भी रीता बहुगुणा जोशी की बड़ी चुनौती मिलने वाली थी।
हालांकि पार्टी के अन्य नेताओं ने इसे अफवाह बताते हुए इस तरह की किसी भी खबर से इनकार किया है। पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी खुद खाट सभाएं, संदेश यात्रा और किसान यात्राएं करके पार्टी के प्रचार में जुटे हैं। ऐसे में रीता बहुगुणा जोशी कहीं नहीं दिख रही हैं। हालांकि रीता बहुगुणा जोशी के पहले भी पार्टी छोड़ने की कई बार खबरें सोशल मीडिया में आ चुकी हैं। लेकिन, हर बार रीता बहुगुणा जोशी ने इनका खंडन किया था।
गौरतलतब है कि रीता इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर रहीं हैं। 67 साल की रीता बहुगुणा का ताल्लुक बड़े सियासी परिवार से रहा है। रीता यूपी के पूर्व सीएम हेमवंती नंदन बहुगुणा की बेटी हैं। रीता के भाई उत्तराखंड के पूर्व सीएम विजय बहुगुणा हैं। रीता बहुगुणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वह यूपी कांग्रेस की कमान भी संभाल चुकी हैं। फिलहाल रीता अभी लखनऊ विधानसभा सीट से विधायक हैं।