Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

Khelo India की मेजबानी के लिए CM शिवराज ने दिया PM मोदी को धन्यवाद, मेडल लाने पर राज्य के खिलाड़ियों को देंगें 5 लाख रुपए

हमें फॉलो करें Khelo India की मेजबानी के लिए CM शिवराज ने दिया PM मोदी को धन्यवाद, मेडल लाने पर राज्य के खिलाड़ियों को देंगें 5 लाख रुपए
, मंगलवार, 31 जनवरी 2023 (12:53 IST)
भोपाल:मध्यप्रदेश में आज देर शाम खेलों के महाकुंभ 'खेलो इंडिया' यूथ गेम्स 2022 का भव्य शुभारंभ हुआ। तेरह दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में लगभग छह हजार खिलाड़ी शिरकत करेंगे। खेल प्रतियोगिताएं भोपाल समेत आठ शहरों में होंगी।
 
स्थानीय टीटीनगर स्टेडियम में आयोजित भव्य एवं रंगारंग उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में खेलों के प्रारंभ होने की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर ''अमरकंटक मशाल'' को भी प्रतियोगिता के मद्देनजर स्थापित किया गया।
 
इस अवसर पर श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के जो खिलाड़ी पदक जीतकर लाएंगे, उन्हें अगले खेलों की तैयारी के लिए 05 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने इस प्रतियोगिता में शामिल होने आए खिलाड़ियों का राज्य की ओर से स्वागत किया। उन्होंने यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश में आयोजित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री श्री ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्य में खेल के क्षेत्र में हुयी प्रगति के संबंध में बताया और कहा कि कभी खेेल विभाग का बजट 05 करोड़ रुपए सालाना होता था, जो अब बढ़कर तीन सौ करोड़ रुपयों के पार पहुंच गया है।
 
शिवराज ने खेलो इंडिया गेम्स की मेजबानी के लिए मोदी को दिया धन्यवाद
 
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी देकर अद्भुत कार्य किया है। उनके नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है।
 
श्री चौहान यहां तात्या टोपे स्टेडियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में केंदीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर, केन्द्रीय खेल राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा, अरूणाचल के खेल मंत्री मामा नटुंग और महापौर मालती राय और मुख्यमंत्री की पत्नी साधना सिंह मौजूद रहीं।
webdunia

 
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में भारत की महिला टीम ने टी-20 अंडर 19 विश्व कप जीता है। खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने के लिए मध्यप्रदेश में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश में 11 खेल अकादमी स्थापित की गई हैं। ये खेल नए खिलाड़ी गढ़ने का काम करेंगे। देश के खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रोशन करेंगे। मध्यप्रदेश के खिलाड़ी पदक जीतकर आयेंगे उनको अगले खेलों के लिए 5 लाख रूपए का पुरस्कार दिया जाएगा। जोर लगा दो जान लगा दो हिन्दुस्तान का दिल धड़का दो। उन्होंने खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आरंभ की घोषणा की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन किया।
 
केन्द्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि देश में खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य प्रधानमंत्री ने किया है। मध्यप्रदेश में देश के कोने-कोने से आए सभी खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। खेलो इंडिया यूथ गेम्स जब पिछली बार हरियाणा में हुआ था तो कई रिकार्ड टूटे जिसमें लड़कियों की अच्छी भूमिका रही। मध्यप्रदेश में भी ऐसे ही कई रिकार्ड तोड़ने के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री मोदी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का कार्य निरंतर कर रहे हैं।श्री ठाकुर ने कहा कि भारत के युवा खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत में परम्परागत खेलों को राष्ट्रीय स्तर पर शामिल किया गया है।

श्री ठाकुर ने बताया कि श्री मोदी के प्रेरक मंत्र ''खेलोगे तो खिलोगे'' से शुरू हुआ ''खेलाे इंडिया यूथ गेम्स'' खेलों के उत्थान में एक स्वर्णिम अध्याय लिख रहा है। आज खेलाे इंडिया के पांचवें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस संस्करण में कई कीर्तिमान (रिकार्ड) टूटेंगे और नए रिकार्ड बनेंगे। 
 
प्रदेश की खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स से मध्यप्रदेश की गाथा में खेलों का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश को खेलो इंडिया की मेजबानी देने के लिए भारत सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि खेलों की वजह से पूरे देश के खिलाड़ियों को आज यहां एकत्रित होने का अवसर मिला है। खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में कई खेल सुविधाओं का विस्तर किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
 
कार्यक्रम के शुभारंभ में राष्ट्रगान हुआ। शिवभक्ति पर आधारित नृत्य की प्रस्तुति हुई। टीटी नगर स्टेडियम के मुख्य ग्राउंड पर लगभग 100 मीटर लंबा स्टेज बनाया गया है, जिसमें मध्यप्रदेश की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को दर्शाया गया। इसमें नर्मदा घाट, खजुराहो मंदिर, भीम-बेटका, श्री महाकाल महालोक, साँची स्तूप, ओरछा के मंदिर, भेड़ाघाट और ग्वालियर फोर्ट बनाया गया।सुप्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर श्री शान तथा सुश्री नीति मोहन और म्यूजिक कंपोजर श्री शिवमणि ने अपने गीत, संगीत से कार्यक्रम में मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का मनमोह लिया।
webdunia

भव्य समारोह के लिए स्टेडियम के मुख्य ग्राउंड पर लगभग 100 मीटर लंबा स्टेज बनाया गया था, जिसमें मध्यप्रदेश की संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों को दर्शाया गया है। इसमें नर्मदा घाट, खजुराहो मंदिर, भीम-बेटका, श्री महाकाल महालोक, साँची स्तूप, ओरछा के मंदिर, भेड़ाघाट और ग्वालियर का किला प्रदर्शित किया गया।

खेल आयोजन के तहत आगामी 11 फरवरी तक प्रदेश के नौ शहरों में विभिन्न खेल आयोजित होंगे। विभिन्न शहरों के 23 स्थानों पर 27 खेलों का आयोजन होगा। राजधानी भोपाल के अतिरिक्त इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, मंडला, बालाघाट और खरगोन में अलग-अलग खेल आयोजित होंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भोपाल में एथलेटिक्स, कुश्ती, बॉक्सिंग, शूटिंग, क्याकिंग-कैनोइंग, रोइंग, वॉलीबाल, जूडो और तैराकी के मुकाबले होना है।(एजेंसी)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां, कहा- हर फैसला जनता के हित में (Live)