Publish Date: Tue, 01 Nov 2022 (17:20 IST)
Updated Date: Tue, 01 Nov 2022 (17:30 IST)
कपूरथला। पंजाब के कपूरथला में 9 वर्षीय लड़की से बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लड़की का परिवार आरोपी के मकान में किराए पर रहता है। आरोपी ने 30 अक्टूबर को लड़की से कथित तौर पर बलात्कार किया। पुलिस ने कहा कि घटना के समय लड़की के माता-पिता घर में नहीं थे।
उन्होंने कहा कि माता-पिता के घर लौटने पर लड़की ने उन्हें आपबीती सुनाई। इसके बाद सोमवार को लड़की की मां ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कहा कि आरोपी फरार है और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार लड़की का परिवार पिछले 4 साल से उस मकान में किराए पर रह रहा है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के विभिन्न प्रावधानों और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta