Publish Date: Sun, 30 Dec 2018 (16:45 IST)
Updated Date: Sun, 30 Dec 2018 (16:49 IST)
भदोही। भदोही के गोपीगंज इलाके में दबंगों ने छेड़खानी का विरोध करने पर एक महिला कालीन बुनकर को घर में घुसकर पर पीटा और फिर निर्वस्त्र कर पूरे गांव में दौड़ा-दौड़ा कर उससे मारपीट की। इस मामले में पीड़ित पक्ष के खिलाफ भी मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी यादवेंद्र यादव ने बताया कि गोपीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 32 वर्षीय एक महिला बुनकर शनिवार को बुनकरों के लिए जारी होने वाला शिल्पी कार्ड बनवाने गई थी। आरोप है कि वहां लाल चंद यादव नामक व्यक्ति ने उससे छेड़खानी की। महिला ने इसका विरोध किया तो यादव नाराज हो गया।
उन्होंने बताया कि महिला का आरोप है कि शाम को लाल चंद अपने तीन अन्य साथियों प्रदीप यादव, रिंकू यादव और राजधर यादव को लेकर जबरन उसके घर में घुस गया और उसे बुरी तरह पीटा। फिर घर से बाहर ला कर उसे निर्वस्त्र कर गांव में दौड़ा-दौड़ाकर उससे मारपीट की गई। इस दौरान गांव के लोग तमाशबीन बने रहे। उनमें से कुछ ने घटना का वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया।
यादव ने बताया कि घायल महिला का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लाल चंद यादव को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी लाल चंद यादव की तरफ से भी पीड़ित महिला और उसके पति के खिलाफ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश एस. ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में गोपीगंज थाना इन्स्पेक्टर अनिल यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। (वार्ता)