भारत के केंद्रशासित प्रदेशों में दमन और दीव भी है। अरब सागर की अपार-अगाध जलराशि ने इन्हें व्यापार और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बना दिया है।
हालाँकि ये बहुत छोटे-छोटे द्वीप हैं, परंतु इनकी प्राकृतिक सुंदरता, विविध संस्कृतियों का मेल व सुंदर समुद्र तटों ने इन्हें असीम खूबसूरती से नवाज ा है।
गुजरात व महाराष्ट्र राज्य की नजदीकी ने यहाँ के पर्यटन को फलने-फूलने का पूरा मौका दिया। बहुत समय तक दमन और दीव पर पुर्तगालियों का शासन था। उसके बाद इसे पुर्तगालियों से आजाद कराकर गोआ में मिला दिया गया। वर्ष 1987 में इसे एक अलग केंद्रशासित प्रदेश का दर्जा दिया गया।
दमन और दीव की स्थिति :- भारत के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र मुंबई से दमन की दूरी लगभग 193 कि.मी. है। यह पूर्व में गुजरात राज्य से तथा पश्चिम में अरब सागर से जुड़ा है। इसके उत्तर में 'कोलाक' तथा दक्षिण में 'कलाई' नदी है। दमन का पड़ोसी जिला गुजरात का वलसाड जिला है। दीव भारत का एक ऐसा द्वीप है, जो दो पुलों के द्वारा जुड़ा है। दीव गुजरात के जूनागढ़ जिले से जुड़ा है।
PR
PR
क्या है दमन में :- दमन दो भागों में 'मोटी दमन' और 'नानी दमन' में विभाजित है। इन दोनों भागों को विभक्त करने वाली नदी दमनगंगा नदी है। मोटी दमन में कई पुराने चर्च हैं, जिनमें प्रमुख चर्च 'कैथेडरल बोल जेसू' है।
इस चर्च की दीवारों पर की गई ईसा मसीह के जीवन से संबंधित सुंदर चित्रकारी व लकड़ी की बेहतरीन नक्काशी पर्यटकों को यहाँ खींच लाती है। नानी दमन का मुख्य आकर्षण संत जैरोम का किला है, जो मुगलों के आक्रमण से सुरक्षा के लिए बनाया गया था।
इसके अलावा दमन के अन्य पर्यटक आकर्षणों में बोम जीजस चर्च, अवर लेडी ऑफ सी चर्च, अवर लेडी ऑफ रेमीडियोज चर्च, परगोला गार्डन, अम्यूजमेंट पार्क, दमनगंगा टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, काचीगाम, सत्य सागर उद्यान, मिरासोल गार्डन, मिरासोल वाटर पार्क आदि हैं।
दमन के बीच :- दमन की जमीन को छूते अरब सागर ने दमन को अप्रतिम प्राकृतिक सुंदरता व हरियाली प्रदान की है। दमन में दो बीच देविका बीच और जैमपोरे बीच हैं।
देविका बीच :- यह बीच दमन से पाँच किमी उत्तर में है। यहाँ कई बड़े बार व रेस्टोरेंट भी हैं। यह बीच बच्चों को बहुत लुभाता है क्योंकि यहाँ बच्चों के लिए पार्क व अन्य सुविधाएँ हैं।
जैमपोरे बीच :- नानी दमन में स्थित यह बीच दमन का प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट भी है। यहाँ सर्वाधिक पर्यटक आते हैं। यहाँ का शांत वातावरण प्रेमियों को खींच लाता है। यही कारण है कि अधिकांश प्रेमी जोड़े यहाँ स्वच्छंदता की तलाश में आते हैं। तैराकी के लिए भी यह बीच बहुत अच्छा स्थान है।
क्या है दीव में :- सेंट पॉल चर्च, दीव फोर्ट, पनीकोटा फोर्ट, घोघला बीच, चिल्ड्रन पार्क और समर हाउस यहाँ के मुख्य पर्यटन स्थल हैं।
दीव के बीच :- नगोआ बीच :- यह दीव का बेहद ही सुंदर बीच है। दीव से 20 मिनट की ड्राइव करके आप आसानी से यहाँ पहुँच सकते हैं। जूते के आकार के समान होने के कारण 2 किमी तक फैला यह द्वीप अब पर्यटकों की पहली पसंद बन रहा है।
चक्रतीर्थ बीच :- यह बीच हरियाली के सौंदर्य से भरपूर है। इस बीच के आसपास स्थित सुंदर बगीचे, खुला स्टेडियम इसे पर्यटकों के लिए फुल इंजॉयमेंट का स्थान बनाता है।
कब जाएँ दमन और दीव :- वैसे तो दमन और दीव की जलवायु वर्षभर पर्यटकों को आकर्षित करती है किंतु यहाँ आने का उपर्युक्त मौसम अक्टूम्बर से मई तक का है।
कैसे पहुँचें दमन और दीव :- सड़क मार्ग की लंबाई :- दमन में 191 किमी का सड़क मार्ग है तथा दीव में 78 किमी तक लंबा सड़क मार्ग है। नजदीकी रेलवे स्टेशन :- दमन पश्चिम रेलवे के दिल्ली-मुंबई रूट पर स्थित है। यहाँ का नजदीकी रेलवे स्टेशन गुजरात का 'वापी' है। दीव मीटर गेज रेलवे लाइन से जुड़ा है। दीव का नजदीकी रेलवे स्टेशन 'दिलवाड़ा' है। एयरपोर्ट :- दमन और दीव दोनों एयरपोर्ट से जुड़े हैं। दीव से मुंबई के लिए रोजाना कई उड़ानें भरी जाती हैं।