Publish Date: Mon, 09 Apr 2018 (21:30 IST)
Updated Date: Thu, 14 Nov 2019 (15:46 IST)
गोल्ड कोस्ट। भारतीय भारोत्तोलकों का 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में पदक अभियान खेलों के 5वें दिन सोमवार को प्रदीप सिंह के रजत पदक जीतते हुए कुल 5 स्वर्ण सहित 9 पदकों के साथ समाप्त हो गया। भारत ने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में 5 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य सहित 9 पदक जीते जबकि 2014 में पिछले ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 3 स्वर्ण, 5 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 14 पदक जीते।
भारत ने अपने पिछले प्रदर्शन में 2 स्वर्ण पदकों का सुधार किया। भारोत्तोलन प्रतियोगिता के अंतिम दिन प्रदीप ने पुरुषों के 105 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीत लिया जबकि पूर्णिमा पांडे महिलाओं के 90 किग्रा से अधिक वर्ग में 6ठे और लालछेनिमी 90 किग्रा वर्ग में 8वें स्थान पर रहीं।
भारोत्तोलन में अंतिम भारतीय खिलाड़ी गुरदीप सिंह पुरुषों के 105 किग्रा से अधिक वर्ग में चौथे स्थान पर रह गए। प्रदीप ने अपने भार वर्ग में कुल 352 किग्रा वजन उठाया। उन्होंने स्नैच में 152 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 200 किग्रा भार उठाकर रजत पदक अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में समोआ के सैनेले माओ ने 360 किग्रा भार उठाकर स्वर्ण पदक जीता जबकि इंग्लैंड के ओवेन बोक्सॉल ने 351 किग्रा भार के साथ कांस्य जीता। भारतीय भारोत्तोलकों का इन खेलों में यह 9वां पदक है। पी गुरुराजा ने सबसे पहले रजत पदक जीतकर भारत को गोल्ड कोस्ट में पहला पदक दिलाया था।
इसके बाद मीराबाई चानू, संजीता चानू, सतीश कुमार शिवालिंगम, वेंकट राहुल रंगाला, पूनम यादव ने भारोत्तोलन में देश को स्वर्ण दिलाए। विकास ठाकुर और दीपक लाथर को कांस्य मिला और खेलों के लगातार 5वें दिन प्रदीप ने रजत जीता। (वार्ता)
Commonwealth Games 2018, Indian Weightlifter, Gold Coast, Weightlifter Pradeep Singh राष्ट्रमंडल खेल 2018, भारतीय भारोत्तोलक, गोल्ड कोस्ट, भारोत्तोलक प्रदीप सिंह