Publish Date: Thu, 30 Aug 2018 (20:45 IST)
Updated Date: Thu, 30 Aug 2018 (20:52 IST)
अमृतसर। कुश्ती के अखाड़े के अंदर और बाहर अपना पराक्रम दिखाने वाले दारा सिंह जल्द ही एक ग्राफिक अवतार लेने जा रहे हैं। दरअसल, उनके जीवन पर एक चित्रकथा श्रृंखला आने वाली है।
ग्राफिक डिजाइनर जॉर्ज एमेनुअल ने मुंबई से बताया कि दारा सिंह एक संस्था थे, जो कुश्ती और फिल्म जगत में अपनी उपलब्धियों को लेकर जाने जाते हैं।
उन्होंने बताया कि खासतौर पर पंजाब में चित्रकथा पुस्तिका श्रृंखला पेश करने का मकसद युवाओं में नशे की बढ़ती लत से जुड़ा हुआ है। ये पुस्तकें युवाओं और बच्चों को उपयुक्त खानपान के लिए प्रेरित करेंगी और शरीर को तंदुरुस्त रखने के बेशकीमती उपाय सुझाएंगी।
सिंह के बेटे बिंदु दारा सिंह अपने पिता की जयंती के अवसर पर नवंबर में सबसे पहले पंजाब में इस चित्रकथा को पेश कर सकते हैं। दारा सिंह का जन्म 19 नवंबर 1928 को हुआ था। एमेनुअल ने बताया कि इस चित्रकथा के संवाद मुंबई में रहने वाले मारूक के होंगे, जो एक जाने-माने संवाद लेखक हैं। (भाषा)