Publish Date: Sun, 10 Sep 2017 (11:14 IST)
Updated Date: Sun, 10 Sep 2017 (11:17 IST)
मैड्रिड। लियोनल मैसी की हैट्रिक की बदौलत बार्सिलोना ने एस्पानयोल को 5-0 से रौंदकर ला लीगा फुटबॉल टूर्नामेंट के शीर्ष पर 2 अंक की बढ़त बना ली। दूसरी तरफ रीयाल मैड्रिड को निलंबित क्रिस्टियानो रोनाल्डो की कमी खली और गैरेथ बेल के कई मौके गंवाने का खामियाजा भुगतना पड़ा और हाल में शीर्ष लीग में जगह बनाने वाले लेवांते ने उसे 1-1 से ड्रॉ पर रोका।
बार्सिलोना के प्रदर्शन में हालांकि सत्र के पूर्व मैदान के बाहर ही उसकी समस्याओं की झलक नहीं दिखी। टीम अपने पहले तीनों मुकाबले जीतकर 9 अंक के साथ शीर्ष पर है।
सेविला एफसी पाउलो हेनरिक गांसो, विसाम बेन एदेर और नोलितो के गोल की बदौलत एबार को 3-0 से हराकर 7 अंक के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। रीयाल मैड्रिड के 3 मैचों में 5 अंक हैं। (भाषा)