Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

टोक्यो पैरालंपिक की हुई रंगारंग शुरुआत, भारतीय टीम के आगमन पर PM मोदी ने बजाई तालियां (वीडियो)

हमें फॉलो करें टोक्यो पैरालंपिक की हुई रंगारंग शुरुआत, भारतीय टीम के आगमन पर PM मोदी ने बजाई तालियां (वीडियो)
, मंगलवार, 24 अगस्त 2021 (20:03 IST)
टोक्यो: पैरा खिलाड़ियों के जज्बे को सलाम करते हुए 16वें पैरालंपिक खेलों का उद्घाटन समारोह मंगलवार को यहां शुरू हुआ, जिसमें कोविड-19 महामारी के कारण हो रही रुकावटों के बीच आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
 
पैरालंपिक खेल 57 वर्षों के बाद टोक्यो में फिर से आयोजित हो रहे हैं, जिससे जापान की राजधानी दो बार इन खेलों की मेजबानी करने वाला पहला शहर बन गया है।
 
समारोह के लिए विविधता और समावेश के प्रतीक के तौर पर ‘पैरा एयरपोर्ट (हवाईअड्डा)’ जैसा मंच तैयार किया गया था। समारोह की शुरुआत एक वीडियो के साथ हुई है जिसमें पैरा खिलाड़ियों की शक्ति को दर्शाया गया है।
 
वीडियो के खत्म होते ही ‘पैरा एयरपोर्ट’ के कर्मियों की तरह पोशाक में रंगारंग कार्यक्रम पेश किया गया, जिसके बाद स्टेडियम के ऊपर आतिशबाजी का शानदार नजारा दिखा।
 
इससे पहले अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष एंड्रयू पार्सन्स और जापान के सम्राट नारुहितो का स्टेडियम में स्वागत किया गया, जिसके बाद चार बार के ओलंपिक फ्रीस्टाइल कुश्ती चैंपियन काओरी इको, और बचाव कार्यकर्ता ताकुमी अस्तानी सहित छह व्यक्ति जापान के ध्वज को मंच पर लेकर आये।
 
उद्घाटन समारोह में न्यूज़ीलैंड की टीम ने कोरोना वायरस की चिंता के कारण हिस्सा नहीं लिया जबकि स्पेन अपने पूरे दल के साथ उतरा। उद्घाटन समारोह कोरोना वायरस नियमों के तहत आयोजित हुआ। समारोह में केवल 75 लोगों ने ही परफॉर्म किया जबकि स्टेडियम कुछ सौ अधिकारियों को छोड़कर पूरी तरह खाली रहा। पैरालम्पिक 1964 के संस्करण के 57 साल बाद एक बार फिर टोक्यो में लौटे लेकिन यह दर्शकों के बिना आयोजित होंगे।
 
इन वैश्विक खेलों के इस सत्र में रिकॉर्ड 4403 खिलाड़ी शामिल होंगे। इसका पिछला रिकॉर्ड 4328 खिलाड़ियों के भाग लेने का था जो रियो 2016 खेलों में बना था।
 
टोक्यो पैरालंपिक खेलों में 2550 पुरुष और 1853 महिला खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे।पांच सितंबर तक चलने वाले इस खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व 54 खिलाड़ी करेंगे जो देश का अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल है।
webdunia
भारतीय टीम के आगमन पर पीएम मोदी ने बजाई तालियां
 
टोक्यो पैरालंपिक खेलों 2020 के आज शाम हुए उद्घाटन समारोह में भाला फेंक एथलीट टेक चंद भारत के ध्वजवाहक बने। उन्होंने हाई-जंपर मरियप्पन थंगावेलु की जगह पर यह भूमिका निभायी। दरअसल रियो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन टोक्यो की उड़ान में एक काेरोना ​पॉजिटिव यात्री के निकट संपर्क में आने के बाद जापान सरकार के स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के अनुसार फिलहाल खेल गांव में क्वारंटीन में हैं। उद्घाटन समारोह के कुछ घंटे पहले ही यह निर्णय लिया गया।
भारतीय दल ईरान के बाद ओलंपिक स्टेडियम में प्रवेश करने वाला 17वां दल था। स्टेडियम में प्रवेश के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने पैरालंपियन्स के लिए तालियां बजाई जिसका वीडियो उनके ट्विटर अकाउंट पर भी अपलोड किया गया। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टोक्यो पैरालम्पिक खेलों में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं दी थी।
इससे पहले श्री मोदी ने ट्विटर पर अपने शुभकामना सन्देश में कहा, 'पैरालम्पिक खेल शुरू हो रहे हैं। मेरी भारतीय दल को शुभकामनाएं हैं। हमें उन सभी एथलीटों पर गर्व है जो टोक्यो पैरालम्पिक में हमारे देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।' भारत के 54 एथलीट, तीरंदाजी, एथलेटिक्स (ट्रैक एंड फील्ड), बैडमिंटन, तैराकी, भारोत्तोलन समेत 9 खेलों में भाग लेंगे।यह किसी भी पैरालंपिक में भारत द्वारा भेजी गई अब तक की सबसे बड़ी टीम है। सभी 54 एथलीट टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) का हिस्सा हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पहले 'फर्जी मुसलमान' तो अब 'भारत प्रेमी' के आरोप लगे रमीज राजा पर, क्या बन पाएंगे PCB के अगले अध्यक्ष?