राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने बलबीर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया

Webdunia
सोमवार, 25 मई 2020 (14:41 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को हॉकी के महानतम खिलाड़ियों में से एक तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर शोक व्यक्त किया। बलबीर सिंह सीनियर का सोमवार को निधन हो गया। वह पिछले दो सप्ताह से कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। 
 
राष्ट्रपति कोविंद ने ट्वीट किया, ‘महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर काफी दुख हुआ। तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता, पद्म श्री और भारत के महान खिलाड़ियों में से एक, उनकी विरासत भविष्य की पीढ़ियों को प्रेरित करना जारी रखेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं।’ मोदी ने कहा कि बलबीर सीनियर ने हॉकी खिलाड़ी ही नहीं बल्कि मेंटोर के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। 
 
मोदी ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया, ‘पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर को उनके यादगार खेल प्रदर्शन के लिए याद रखा जाएगा। उन्होंने देश को गौरवान्वित किया और काफी सफलताए अर्जित कीं। इसमें कोई शक नहीं कि वह बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी थे, लेकिन उन्होंने बेहतरीन मेंटोर के रूप में भी पहचान बनाई। उनके निधन से काफी दुखी हूं। उनके परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदनाए।’ गृहमंत्री अमित शाह और खेल मंत्री रीजीजू ने बलबीर सिंह के साथ अपनी फोटो भी साझा की। अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘पद्म श्री और महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ, जिन्होंने अपनी स्टिक से विश्व हॉकी पर अपनी अमिट छाप छोड़ी।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘मैं भाग्यशाली रहा कि तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता से मिल पाया। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’खेल मंत्री रीजीजू ने ट्वीट किया, ‘भारत के महान हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। वह 1948 लंदन, 1952 हेलसिंकी और 1956 मेलबर्न ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और दिवंगत आत्मा के लिए शांति की प्रार्थना करता हूं।’ (भाषा)

सम्बंधित जानकारी

Show comments
सभी देखें

ज़रूर पढ़ें

लीड्स की हार का एकमात्र सकारात्मक पहलू: बल्लेबाजी में बदलाव पटरी पर

ICC के नए टेस्ट नियम: स्टॉप क्लॉक, जानबूझकर रन पर सख्ती और नो बॉल पर नई निगरानी

बर्फ से ढंके रहने वाले इस देश में 3 महीने तक फुटबॉल स्टेडियमों को मिलेगी 24 घंटे सूरज की रोशनी

The 83 Whatsapp Group: पहली विश्वकप जीत के रोचक किस्से अब तक साझा करते हैं पूर्व क्रिकेटर्स

क्या सुनील गावस्कर के कारण दिलीप दोषी को नहीं मिल पाया उचित सम्मान?

अगला लेख