रोजर फेडरर विश्व रैंकिंग में तीसरे नंबर पर

Webdunia
सोमवार, 17 जुलाई 2017 (19:04 IST)
नई दिल्ली। रिकॉर्ड आठवां विंबलडन और 19वां ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने वाले स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर अपनी इस शानदार कामयाबी की बदौलत सोमवार को जारी ताजा एटीपी रैंकिंग में दो स्थान की छलांग लगाकर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। फेडरर ने इसके साथ ही नवंबर में लंदन में होने वाले एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए रिकॉर्ड 15वीं बार क्वालीफाई कर लिया है।
       
फेडरर ने क्रोएशिया के मारिन सिलिच को लगातार तीन सेटों में हराकर रिकॉर्ड आठवीं बार विंबलडन खिताब अपने नाम किया। इस खिताब से वह 15 अगस्त 2016 के बाद से पहली बार टॉप तीन में लौट आए हैं। यह इस सत्र का उनका पांचवां खिताब और 19वां ग्रैंड स्लेम खिताब था, जिसकी बदौलत उन्होंने इस साल का समापन नंबर एक के रूप में करने की अपनी संभावनाएं मजबूत कर ली हैं।
        
इस बीच एटीपी ने घोषणा की कि फेडरर ने 12 से 19 नवंबर तक लंदन में होने वाले एटीपी फाइनल्स के लिए रिकॉर्ड 15वीं बार क्वालीफाई कर लिया है। फेडरर 11 महीनों में पहली बार शीर्ष तीन खिलाड़ियों में शामिल हुए हैं।
       
फेडरर पिछले वर्ष 22 अगस्त को तीसरे से चौथे स्थान पर फिसल गए थे और फिर चोट के कारण शेष सत्र में नहीं खेल पाए थे जिससे उनकी रैंकिंग गिरकर 17 तक पहुंच गई थी लेकिन जनवरी में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतकर वह टॉप टेन में लौट आए थे। क्ले कोर्ट सत्र से हटने के कारण वह चौथे से पांचवें स्थान पर खिसक गए थे, लेकिन 19वें ग्रैंड स्लेम खिताब के बाद वह अब तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।
                
स्विस मास्टर फेडरर अब दूसरे स्थान पर मौजूद स्पेन के राफेल नडाल से 920 अंक दूर और नंबर एक खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे से 1205 अंक दूर हैं। मरे के पास शेष सत्र में नंबर एक स्थान बचाने का कम ही मौका रहेगा क्योंकि विंबलडन के बाद उन्हें 5460 अंकों का बचाव करना है जबकि नडाल को 370 अंक बचाने हैं। फेडरर को शेष सत्र में कोई अंक नहीं बचाने हैं।
        
सर्वाधिक 302 सप्ताह नंबर एक पर रहने का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले फेडरर आखिरी बार नवंबर 2012 के पहले सप्ताह में नंबर एक रहे थे। सिलिच यदि खिताब जीतते तो वह पहली बार टॉप पांच में पहुंच जाते। लेकिन ताजा रैंकिंग में वह छठे स्थान पर हैं।
                
मरे के 7750 अंक हैं जबकि नडाल के 7465 अंक हैं। जोकोविच 6325 अंकों के साथ चौथे स्थान पर बरकरार हैं। स्टेनिसलास वावरिंका दो स्थान गिरकर पांचवें नंबर पर खिसक गए हैं।
                
महिलाओं में चैंपियन बनीं स्पेन की गरबाइन मुगुरूजा ने 10 स्थान की लंबी छलांग लगाई है और पांचवें नंबर पर पहुंच गयी हैं। चेक गणराज्य की कैरोलीना प्लिस्कोवा दो स्थान के सुधार के साथ नंबर एक बन गई है जबकि जर्मनी की एंजेलिक केर्बर दो स्थान गिरकर तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
               
रोमानिया की सिमोना हालेप का दूसरा स्थान बरकरार है। फाइनल में हारी अमेरिका की वीनस विलियम्स दो स्थान के सुधार के साथ टॉप-10 में लौट आई हैं और अब वह नौवें नंबर पर हैं। सेमीफाइनल में हारीं ब्रिटेन की जोहाना कोंटा तीन स्थान के सुधार के साथ अब चौथे नंबर पर आ गई हैं। (वार्ता)
Show comments

Mumbai Indians : 5 बार की चैंपियन मुंबई 5 मैच जीतने के लिए तरसी, जानिए 5 कारण

PCB चीफ का बड़ा ऐलान, विश्वकप जीते तो हर पाकिस्तानी खिलाड़ी खेलेगा करोड़ों से

BCCI Press Conference : विराट कोहली के स्ट्राइक रेट के बारे में चिंता करने वाले लोगों को चयनकर्ता ने दिया करारा जवाब

MS Dhoni ने CSK के इस खिलाड़ी के लिए निभाया है एक पिता का रोल

हार्दिक पंड्या के T20 World Cup में उपकप्तान होने से खुश नहीं है इरफान पठान

IPL 2024: राजस्थान ने दिल्ली के खिलाफ जीता टॉस चुनी गेंदबाजी (Video)

जो कर रहे थे MS Dhoni के 9वें नंबर पर आने की आलोचना, पछतावा होगा उन्हें कारण जानकर

T20I World Cup Final होगा India vs West Indies, इस दिग्गज ने की भविष्यवाणी

अहमदाबाद में जन्मा यह 36 वर्षीय अमेरिकी क्रिकेटर करता है फार्मा कंपनी में नौकरी (Video)

सर रविंद्र जड़ेजा ने धर्मपत्नी रिवाबा जड़ेजा के साथ दिया जामनगर में वोट

अगला लेख