दक्षिण एशियाई खेलों में भारत का दबदबा, दूसरे दिन जीते 27 पदक

Webdunia
बुधवार, 4 दिसंबर 2019 (00:03 IST)
काठमांडू। भारतीय खिलाड़ियों ने ट्रैक एवं फील्ड और निशानेबाजी में दबदबा बनाकर 13वें दक्षिण एशियाई खेलों (सैग) के दूसरे दिन मंगलवार को यहां 11 स्वर्ण सहित 27 पदक जीते और वह अब भी पदक तालिका में दूसरे स्थान पर बना हुआ है।
 
भारत ने एथलेटिक्स के पहले दिन दस पदक (4 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य) जबकि निशानेबाजी में नौ पदक (4 स्वर्ण, 4 रजत और 1 कांस्य) जीते। वॉलीबॉल में पुरुष और महिला दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक जीते जबकि ताइक्वांडो में भारतीय खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक हासिल किए। भारत ने इसके अलावा टेबल टेनिस में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
 
भारत अब तक 43 पदक (18 स्वर्ण, 16 रजत और 9 कांस्य) जीत चुका है और वह मेजबान नेपाल (23 स्वर्ण, 9 रजत और 12 कांस्य) से पीछे है। श्रीलंका 46 पदक (5 स्वर्ण, 14 रजत और 27 कांस्य) के साथ तीसरे स्थान पर है।
 
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पहले दिन अर्चना सुसींद्रन (महिला 100 मीटर), एम जासना (महिला ऊंची कूद), सर्वेश अनिल कुशारे (पुरुष ऊंची कूद) और अजय कुमार सरोज (पुरुष 1500 मीटर दौड़) ने स्वर्ण पदक हासिल किए।
 
सुसींद्रन 100 मीटर दौड़ में 11.80 सेकंड का समय लेकर खेलों की सबसे तेज महिला बनी। उन्होंने श्रीलंका की थानुजी अमाशा (11.82) और लक्षिका सुंगद (11.84) को पीछे छोड़ा। महिलाओं की ऊंची कूद में जासना ने 1.73 मीटर कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीता जबकि रूबिना यादव ने 1.69 मीटर के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
 
कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में 2.21 मीटर के साथ सोने का तमगा अपने नाम किया। भारत के चेतन बालासुब्रहमण्यम ने 2.16 मीटर की कूद लगाकर रजत पदक जीता।
 
सरोज ने पुरुष 1500 मीटर में 3 मिनट 54.18 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि अजीत कुमार ने 3 मिनट 57.18 सेकंड  के साथ रजत पदक अपने नाम किया। नेपाल के तंका कार्की ने कांस्य पदक जीता। कविता यादव ने महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ 35 मिनट 7.95 सेकंड में पूरी करके रजत पदक हासिल किया।
 
इससे पहले भारत की चंदा (4 मिनट 34.51 सेकंड ) ने महिला 1500 मीटर में रजत जबकि उनकी हमवतन चित्रा पालाकीज (4 मिनट 35.46 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता। स्वर्ण पदक श्रीलंका की उदा कुबुरालागे (4 मिनट 34.34 सेकंड) ने जीता।
 
निशानेबाजी में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत ने दांव पर लगे सभी पदक जीते, जिनमें से मेहुली घोष ने विश्व रिकॉर्ड  से बेहतर स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
 
मेहुली का प्रयास हालांकि विश्व रिकॉर्ड नहीं माना जाएगा क्योंकि दक्षिण एशियाई खेलों के परिणाम को अंतरराष्ट्रीय संस्था (आईएसएसएफ) रिकॉर्ड  के लिहाज से मान्यता नहीं देती। भारत ने दस मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता।
 
19 वर्षीय मेहुली ने फाइनल में 253.3 अंक बनाकर सोने का तमगा हासिल किया। उनका यह प्रयास विश्व रिकॉर्ड 252.9 से 0.4 बेहतर है। विश्व रिकॉर्ड एक अन्य भारतीय अपूर्वी चंदेला के नाम पर है। श्रीयंका सदांगी ने 250.8 अंक बनाकर रजत पदक जबकि श्रेया अग्रवाल ने 227.2 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
 
पुरुषों की 50 मीटर थ्री पिस्टल में चैन सिंह ने स्वर्ण और अखिल शेरोन ने रजत पदक जीता। योगेश सिंह और गुरप्रीत सिंह ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल में क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक हासिल किए। भारत ने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीता।
 
भारत ने वालीबॉल स्पर्धा में पुरुष और महिला दोनों वर्ग के खिताब जीते। भारत की पुरुष वालीबॉल टीम ने कड़े फाइनल में पाकिस्तान को 20-25, 25-15, 25-17, 29-27 से हराया। कांस्य पदक श्रीलंका ने जीता। महिला फाइनल में भी गत चैंपियन भारत ने नेपाल को पांच सेट में 25-17, 23-25, 21-25, 25-20, 15-6 से हराया। महिला वर्ग का कांस्य पदक भी श्रीलंका ने जीता।
 
टेबल टेनिस में भारत ने पुरुष वर्ग के फाइनल में मेजबान नेपाल को 3-0 से हराया जबकि महिला टीम ने श्रीलंका को इसी अंतर से पराजित किया। ताइक्वांडो में कशिश मलिक ने महिलाओं के 57 किग्रा में स्वर्ण जबकि राधा भाटी (महिला 46 किग्रा), कान्हा मैनाली (पुरुष 54 किग्रा) और पृथ्वीराज चव्हाण (पुरुष 68 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते।
 
महिला फुटबॉल में भारतीय टीम ने मालदीव को 5-0 से हराकर शानदार शुरुआत की जबकि भारतीय महिला और पुरुष खो-खो टीम भी फाइनल में पहुंचने में सफल रही।

सम्बंधित जानकारी

Show comments

गौतम गंभीर ने अश्विन से कहा अगर Fair Play Award चाहिए तो कृपया मुझसे दूर रहें

MS Dhoni के मॉनस्टरस छक्के की मदद से जीती RCB, थाला ही बने बेंगलुरु की जीत की वजह

RCB vs CSK : जीत के बाद विराट कोहली की '1 पर्सेंट चांस' की थ्योरी हुई वायरल

धोनी को पिता मानने वाले पथिराना की चमकी किस्मत, LPL में करोड़ों में बिके

BCCI महेंद्र सिंह धोनी और स्टीफन फ्लेमिंग के बीच में क्या खिचड़ी पक रही है??

WFI ने ओलंपिक कोटा विजेताओं को ट्रायल से छूट दी लेकिन हंगरी में उनका आकलन होगा

रवींद्र जड़ेजा बने इस ल्यूब्रिकेंट कंपनी के ब्रांड एंबेसडर

मेजबान के खिताब नहीं जीत पाने का कलंक धोने उतरेगा वेस्टइंडीज

जस्टिन लैंगर ने यह कह कर बता दिया वह नहीं है टीम इंडिया के कोच की दौड में

धोनी को पिता मानने वाले पथिराना की चमकी किस्मत, LPL में करोड़ों में बिके

अगला लेख