Publish Date: Mon, 29 Apr 2024 (17:31 IST)
Updated Date: Mon, 29 Apr 2024 (17:34 IST)
Share Market Update : वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच घरेलू स्तर पर बैंकों एवं ढांचागत कंपनियों के शेयरों में तगड़ी खरीदारी होने से सोमवार को बीएसई सेंसेक्स ने 941 अंक उछल गया जबकि एनएसई निफ्टी भी 223.45 अंक यानी एक प्रतिशत बढ़कर 22,600 के स्तर से ऊपर पहुंच गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 941.12 अंक यानी 1.28 प्रतिशत उछलकर 74,671.28 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 990.99 अंक तक बढ़कर 74,721.15 पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 223.45 अंक यानी एक प्रतिशत बढ़कर 22,643.40 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से आईसीआईसीआई बैंक में लगभग पांच प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। मार्च तिमाही में बैंक का समेकित शुद्ध लाभ 18.5 प्रतिशत बढ़कर 11,672 करोड़ रुपए हो जाने से इसके शेयरों को रफ्तार मिली। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी बढ़त लेने में सफल रहे।
हालांकि एचसीएल टेक्नोलॉजीज के तिमाही नतीजे निवेशकों का उत्साह जगाने में नाकाम रहे और कंपनी के शेयर करीब छह प्रतिशत गिर गए। इसके अलावा आईटीसी, विप्रो और बजाज फिनसर्व में भी गिरावट का रुख रहा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के बाजार मिलेजुले रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों के बढ़िया तिमाही नतीजों और बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट आने से घरेलू स्तर पर बाजारों में तगड़ी उछाल देखी गई। बैंक निफ्टी ने चौथी तिमाही में अपने मजबूत प्रदर्शन से बाकी को पीछे छोड़ दिया।
नायर ने कहा कि पश्चिम एशिया का तनाव नरम पड़ने और कंपनियों के स्थिर तिमाही नतीजों से सकारात्मक धारणा को बल मिलने की उम्मीद है। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.51 प्रतिशत गिरकर 89.04 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 3,408.88 करोड़ रुपए मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की थी। सेंसेक्स शुक्रवार को 609.28 अंक गिरकर 73,730.16 अंक और निफ्टी 150.40 अंक टूटकर 22,419.95 अंक पर आ गया था। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें