Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

टोक्यो रवाना होने से पहले भारतीय दल को मिली गर्मजोशी से विदाई (वीडियो)

हमें फॉलो करें टोक्यो रवाना होने से पहले भारतीय दल को मिली गर्मजोशी से विदाई (वीडियो)
, शनिवार, 17 जुलाई 2021 (23:42 IST)
नई दिल्ली: केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर शनिवार रात खिलाड़ियों को रवाना करने से पूर्व एक समारोह में खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे अपील की कि उन्हें टोक्यो ओलम्पिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है और तिरंगे का मान सम्मान ऊंचा रखना है।
 
राजधानी के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित एक औपचारिक विदाई समारोह में खेल मंत्री ने भारत से एथलीटों के पहले जत्थे को टोक्यो के लिए रवाना किया। कुल 88 सदस्यों की इस टुकड़ी, जिसमें 54 एथलीट, सहयोगी स्टाफ और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के प्रतिनिधि शामिल हैं, को एक समारोह में केन्द्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर और खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रामाणिक ने औपचारिक रूप से विदा किया। इस समारोह में उनके साथ भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर ध्रुव बत्रा, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के महासचिव राजीव मेहता और भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक संदीप प्रधान भी उपस्थित थे ।
अनुराग ठाकुर ने इस अवसर पर कहा ,' जब आप टूर्नामेंटों में देश का प्रतिनिधित्व करने उतरेंगे तो पूरा देश आपके पीछे खड़ा होगा। आप अपने ऊपर कोई बोझ न लें। यह मौका हर किसी के जीवन में नहीं आता। आप कुछ भाग्यशाली हैं जो ओलम्पिक में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुझे उम्मीद है कि आप सब टोक्यो में तिरंगे का मान सम्मान ऊंचा रखेंगे।'
 
प्रामाणिक ने इस मौके पर कहा, 'हमारे देश का प्रतिनिधित्व करने आप सब टोक्यो जा रहे हैं ऐसे समय में करोड़ों देशवासियों की शुभकामनायें आपके साथ है और उम्मीद है कि आप देश का सिर दुनिया में गर्व से ऊंचा करेंगे। '
आईओए के अध्यक्ष डॉ बत्रा ने भी खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दीं जबकि राजीव मेहता ने इस अवसर पर खेल मंत्री और आईओए अध्यक्ष से मांग की कि उन्हें खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए कुछ पुरस्कार राशि की घोषणा करनी चाहिए। हालांकि बत्रा ने इस पर कहा कि मेहता जी हमेशा उन्हें ऐसे किसी धर्मसंकट में डाल देते हैं लेकिन वह अभी इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहेंगे। बत्रा ने साथ ही खिलाड़ियों से कहा ,'आप ओलम्पिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके आइये उसके बाद ही इस मामले पर कुछ किया जा सकेगा। '
आठ खेलों -तीरंदाजी, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, तीरंदाजी, जूडो, जिमनास्टिक और भारोत्तोलन– से जुड़े खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ आज नई दिल्ली से प्रस्थान करेंगे। इसमें हॉकी का दल सबसे बड़ा होगा। पुरुष और महिला हॉकी दल बेंगलुरु साई सेंटर से दिल्ली रवाना हो चुका है और शाम को दिल्ली हवाई अड्डे पहुंच गया जहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनका अभिनन्दन किया।
 
कुल 127 भारतीय एथलीटों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए अर्हता प्राप्त (क्वालीफाई)की है, जोकि रियो ओलंपिक के लिए अर्हता प्राप्त करने वाले 117 एथलीटों की संख्या से आगे निकलते हुए एक रिकॉर्ड है।(वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

चौथा ओलंपिक खेलेंगे 39 वर्षीय शरत कमल, पहले से ज्यादा हैं फिट (वीडियो)