Publish Date: Tue, 15 Feb 2022 (11:48 IST)
Updated Date: Tue, 15 Feb 2022 (11:54 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2 चरणों में मतदान के बाद तीसरे चरण के लिए प्रचार जोरों पर है। इस बीच हैदराबाद के भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि जो लोग भाजपा को वोट नहीं करते, उनसे कहूंगा कि योगीजी ने हजारों बुलडोजर मंगवा लिए हैं।
वीडियो में टी राजा सिंह कह रहे हैं कि आज यूपी में दूसरे फेज की पोलिंग हुई है, लेकिन कुछ इलाकों में बहुत ज्यादा वोटिंग हुई, जो लोग योगी जी को पसंद नहीं करते वे भारी संख्या में घर से निकले और मतदान किया।
टी राजा यहीं नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा, जो लोग भाजपा को वोट नहीं करते, उनसे कहूंगा कि योगी ने हजारों जेसीबी और बुलडोजर मंगवा लिए हैं। ये सभी यूपी की ओर से निकल चुके हैं। चुनाव के बाद ऐसे इलाकों को चिह्नित किया जाएगा, जिन लोगों ने योगी जी को सपोर्ट नहीं किया है।
भाजपा विधायक ने हिंदुओं से अपील करते हुए कहा कि तीसरे चरण में भरपूर मतदान करें और भाजपा को जिताएं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रहना है, तो योगी-योगी कहना होगा, नहीं तो यूपी छोड़कर भागना पड़ेगा।