ind-pak crisis

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

उत्तराखंड : BJP का घोषणा-पत्र जारी, गरीबों को 3 सिलेंडर और किसानों को हर महीने 6 हजार देने का वादा

Advertiesment
हमें फॉलो करें BJP
, बुधवार, 9 फ़रवरी 2022 (20:05 IST)
देहरादून। भाजपा (BJP) ने उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा-पत्र जारी कर दिया है। 
 
पार्टी ने अपने घोषणापत्र को उत्तराखंड दृष्टि पत्र नाम दिया है। घोषणा-पत्र समिति के संयोजक पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक हैं। 
 
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और प्रह्लाद जोशी की मौजूदगी में भाजपा का घोषणा-पत्र बुधवार को जारी हुआ। 
 
भाजपा का घोषणा-पत्र जारी करते हुए रमेश पोखरियाल ने कहा कि 13 जिलों में जाकर अलग-अलग लोगों से सुझाव मांगे, जिनमें सैनिक, किसान, महिलाएं युवा शामिल हैं। 
 
हर विधानसभा में मोबाइल टीम भेजी गईं, वे वहां पर सुझाव पेटियां रखीं। लोगों से पूछा गया कि आप कैसा उत्तराखंड चाहते हैं।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भाजपा का घोषणापत्र जारी करते हुए प्रदेश को अगले पांच साल में आदर्श राज्य बनाने के लिए विकास का रोडमैप बताया गया है।
 
'दृष्टिपत्र—2022' नाम से जारी घोषणापत्र में भारतीय जनता पार्टी ने आधारभूत विकास, पर्यटन, कृषि, बागवानी, शिक्षा, महिला स​शक्ति​करण, डेयरी विकास आदि लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया है।
गडकरी ने कहा कि भूमि पर अवैध कब्जे रोकने के लिए हम भू-कानून लाएंगे। पूर्व सैनिकों के कल्याण की दिशा में काम किया जाएगा। जनरल बिपिन रावत की याद में पूर्व सैनिक क्रेडिट गारंटी फंड ट्रस्ट बनाया जाएगा, जिसमें पांच लाख तक की सुविधा होगी। हम केंद्र के 6000 के साथ ही राज्य सरकार से 6000 मिलाकर किसानों को 12000 रुपए देंगे।
 
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम राज्य में बागवानी के लिए 500 करोड़ और डेयरी के लिए 500 करोड़ रुपए देंगे। गढ़वाल के चार धाम की तरह कुमाऊं के मानस खंड मंदिर मिशन माला के तहत मंदिरों को व्यवस्थित करेंगे। मिशन मायापुरी के तहत हरिद्वार को आस्था और अध्यात्म का केंद्र बनाएंगे। गरीब घर और गरीब महिलाओं को साल में तीन गैस सिलिंडर फ्री देंगे।
 
हरिद्वार के सांसद और घोषणा पत्र सुझाव समिति के अध्यक्ष रमेश पोखरियाल निशंक ने इससे पहले दृष्टिपत्र के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि हमने 70 विधानसभा में 70 एलईडी रथ के माध्यम से 70 सुझाव पेटिका भेजी। प्रदेशभर से सुझाव आए। इसके बाद हमने सभी जिलों में बात की। हमने 13 जिलों में जाकर सबकी राय ली। महिला, नौजवान सबकी बात को हमने इसमें रखा है। कई राजनीतिक दल कमरे में बैठकर बनाते हैं, हमारा कमरे वाला घोषणापत्र नहीं है। उन्होंने कहा कि यह जनता के बीच जाकर जनता के लिए बनाया गया घोषणापत्र है। हमने 2017 के घोषणापत्र को पूरा किया है। हमने अपने घोषणापत्र में पूरे सुझाव लेने के बाद, तैयार किया है। हमारा दृष्टिपत्र जनता की भावनाओं को पूरा करेगा।
 
श्री निशंक ने कहा कि बीपीएल परिवारों की महिला मुखिया को 2000 रुपये प्रतिमाह के साथ उस परिवार के बच्चों को 1000 रुपये प्रति माह अलग से दिया जाएगा। महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए 500 करोड़ की निधि रखी जाएगी। सचल चिकित्सालय शुरू किए जाएंगे, जिसमे सभी सुविधाएं होंगी। वहीं मोबाइल अस्पतालों में जन औषधि में 190 से बढ़ाकर 400 दवाई तक दी जाएंगी। इसके अलावा, असंगठित मजदूरों को 6000 की पेंशन और पांच लाख का दुर्घटना बीमा किया जाएगा।
 
भाजपा के इस दृष्टिपत्र में वादा किया गया है कि चार धाम परियोजना का विस्तार किया जाएगा। मोक्षदा तीर्थ यात्रा योजना में वरिष्ठ नागरिकों को 10,000 रुपए तक की सब्सिडी दी जाएगी। हरिद्वार को योग की अंतरराष्ट्रीय राजधानी बनाया जायेगा। यहां वेद पाठशालाओं के लिए एक करोड़ रुपए दिए जाएंगे। पुलिस बल का उन्नतीकरण कर कानून व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करते हुये प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज, सचल चिकित्सालय व डायलिसिस केंद्र खोले जाएंगे।
 
दृष्टिपत्र में घोषणा की गई है कि किसानों को 8000 रुपए सहायता राशि दी जाएगी। हर ब्लॉक में किसान मंडी खोली जाएगी। लव जिहाद पर रोक लगेगी और महिला थानों की संख्या दोगुनी होगी। युवाओं को कौशल विकास से स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। देवभूमि में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। स्मार्ट विलेज की परिकल्पना को साकार किया जाएगा।
 
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि पार्टी ने एक ऐसे अनुभवी नेता को इस दृष्टिपत्र को तैयार करने की जिम्मेदारी दी थी, जिन्होंने उत्तराखंड को बतौर सीएम बेहतर समझा है।

पूर्व मुख्यमंत्री निशंक की जिम्मेदारी में ये दृष्टिपत्र तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि अन्य दलों और हमारे घोषणापत्र में अंतर मिलेगा। हमारा घोषणापत्र जनता का है। घोषणापत्र को तैयार करने में डीएवी के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. देवेंद्र भसीन, डीबीएस कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. ओपी कुलश्रेष्ठ ने अहम योगदान दिया।
 
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश भाजपा घोषणापत्र समिति के संयोजक रमेश पोखरियाल निशंक, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी और राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल मौजूद थे जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस कार्यक्रम में वर्चुअल तरीके से जुड़े।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

UP Election : गोरखपुर मंडल में इस बार आसान नहीं है किसी की राह