Publish Date: Fri, 22 Oct 2021 (15:19 IST)
Updated Date: Fri, 22 Oct 2021 (15:23 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर करारा प्रहार किया और कहा कि सपा सरकार में हिंदुओं पर झूठे मुकदमे दर्ज होते थे, राम भक्तों पर गोली चलवाई जाती थी तथा आतंकवादियों की आरती उतारी जाती थी।
सीएम योगी ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'हमारी सरकार बनी तो सबसे पहला काम किसानों की कर्जमाफी का हुआ लेकिन 2012 में सपा की सरकार का सबसे पहला निर्णय आतंकवादियों से मुकदमा वापस लेने का था।'
उन्होंने कहा कि जब सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकार होती है तो उनको अपने परिवार से फुर्सत नहीं होती, वे आतंकवादियों के लिए काम करते हैं। जैसा सपा की सरकार ने 2012 में करके दिखाया था। आतंकवाद की जड़ 1952 में कांग्रेस ने धारा 370 के रूप में जम्मू कश्मीर में रोपी थी।
योगी ने कहा कि सपा की सरकार में मध्यकाल की याद ताजा हो गई थी जब मंदिरों और मठों पर हमले होते थे। सपा और बसपा के कार्यकर्ता थानों, तहसीलों में लूट मचाते थे और थाने, तहसील बिक चुके थे।
योगी ने कहा कि गांव-गांव में जाकर अलख जगाने की आवश्यकता है कि भाजपा की सरकार क्यों जरूरी है। भाजपा की सरकार रहेगी तो प्रदेश में कोई दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा, कोई माफिया जमीन पर कब्जा नहीं कर पाएगा और अगर करेगा तो उसकी छाती पर प्रदेश सरकार का बुल्डोजर चलता दिखाई देगा।