Publish Date: Tue, 20 Dec 2022 (17:56 IST)
Updated Date: Tue, 20 Dec 2022 (18:09 IST)
बरेली (उत्तरप्रदेश)। अपराधियों पर उत्तरप्रदेश सरकार की 'बुलडोजर' कार्रवाई की चर्चा के बीच बरेली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक नेता प्रदीप यादव और उसके पिता को बुलडोजर चलाकर एक मजदूर की झोपड़ी उजाड़ने के आरोप में 3 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव और उसके पिता सहित 4 लोगों के खिलाफ नामजद और 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। यादव समेत 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह ने मंगलवार को बताया कि फरीदपुर कस्बे के बीसलपुर मार्ग पर मजदूर सीताराम का परिवार वर्ष 2007 से झोपड़ी बनाकर रह रहा था। आरोप है कि प्रदीप यादव उसकी झोपड़ी की जगह पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा था। इससे परेशान होकर सीताराम ने इस मामले को अदालत में वाद दायर किया था जिसकी सुनवाई चल रही है।
सिंह ने बताया कि आरोप है कि सोमवार रात को भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव और उसके साथी बुलडोजर लेकर सीताराम की झोपड़ी पर पहुंचे और लाठी-डंडों से पूरे परिवार को पीटा। इसके बाद उन्होंने झोपड़ी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
सीताराम का परिवार लोगों से बचाने की गुहार लगा रहा था लेकिन तमंचे और लाठी-डंडे लहरा रहे दबंगों को देखकर कोई हिम्मत नहीं जुटा सका। बस्ती की भीड़ को देखकर दबंगों ने कई राउंड गोलियां भी चलाईं। आरोप है कि दबंगों ने मजदूर की बेटी से छेड़छाड़ भी की। उन्होंने बताया कि बस्ती के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से प्रदीप यादव, उसके पिता ध्यान पाल एवं एक अन्य आरोपी राजवीर को हिरासत में ले लिया। उनके अन्य साथी बुलडोजर लेकर भाग गए।
सिंह ने बताया कि सीताराम की तहरीर पर पुलिस ने भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव, ध्यान पाल सिंह, राजवीर और संजीव कुमार के खिलाफ नामजद और 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मारपीट, बलवा, छेड़खानी और आगजनी सहित गंभीर आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है।
सीताराम ने बताया कि उसने भगवानदास नाम के युवक से जमीन खरीदी थी। इसके बाद वह वर्ष 2007 से झोपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ रह रहा था। घर की महिलाएं उपले बनाकर बेचती थीं जबकि वह खुद आसपास इलाके में मजदूरी करने के अलावा बग्घी चलाकर गुजारा करता है।
इस बीच भाजयुमो की आंवला इकाई के अध्यक्ष राजू उपाध्याय ने बताया कि प्रदीप यादव भाजयुमो की फरीदपुर मंडल इकाई का अध्यक्ष है। मुकदमा दर्ज होने के बाद उसके खिलाफ विधिक कार्यवाही तो होगी ही, संगठन भी अपनी कार्रवाई करेगा।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta