Publish Date: Thu, 10 Oct 2024 (11:39 IST)
Updated Date: Thu, 10 Oct 2024 (11:44 IST)
गोंडा। उत्तरप्रदेश के गोंडा जिले में गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर एक मालगाड़ी तकनीकी दिक्कत के कारण 2 हिस्सों में बंट गई। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। रेलवे के क्षेत्रीय प्रबंधक गिरीश कुमार सिंह ने गुरुवार को यहां बताया कि मैजापुर और कर्नलगंज रेलवे स्टेशन के मध्य गेट संख्या 281 (बी) के पास बुधवार को आवारा मवेशी कट जाने से मालगाड़ी अप-बीसीएन के इंजन का होज पाइप खुल गया था। परिणामस्वरूप ट्रेन के कुछ डिब्बे पीछे छूट गए।
ALSO READ: रेल विकास के लिए मध्य प्रदेश को 14700 करोड़ रुपए आवंटित : अश्विनी वैष्णव
उन्होंने बताया कि पीछे छूटी बोगियों में गार्ड की बोगी भी शामिल थी। गार्ड और गेट मैन ने तत्काल इसकी सूचना कर्नलगंज रेलवे स्टेशन के साथ-साथ रेलवे कंट्रोल कमांड को दी। चालक ने आपातकालीन स्थिति में मालगाड़ी को तुरंत रोक दिया। सिंह ने बताया कि सूचना पाकर तत्काल मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने अलग हुई बोगियों को फिर से जोड़कर मालगाड़ी को रवाना किया।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta