Publish Date: Fri, 27 Jan 2023 (10:53 IST)
Updated Date: Fri, 27 Jan 2023 (11:00 IST)
फतेहपुर। उत्तरप्रदेश के फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के चितिसापुर गांव में एक युवक ने पत्नी से झगड़े के बाद अपने 3 साल के बेटे की कथित तौर पर फावड़े से काटकर हत्या कर दी और उसका शव खेत में दफना दिया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी देते बताया कि आरोपी युवक को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
नगर क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) वीर सिंह के मुताबिक चितिसापुर गांव के सुहाई बाग में शराब के नशे में धुत एक युवक ने बुधवार रात पत्नी से झगड़े के बाद अपने 3 साल के बेटे राज की कथित तौर पर फावड़े से काटकर हत्या कर दी और उसका शव खेत में दफना दिया।
सिंह के अनुसार आरोपी चंद्रकिशोर लोधी ने कथित तौर पर अपने बेटे के शव के कई टुकड़े कर दिए। पत्नी की शिकायत पर लोधी को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया और उससे पूछताछ की जा रही है। सिंह के मुताबिक लोधी की निशानदेही पर बच्चे के शव को खेत से निकलकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta