Publish Date: Thu, 24 Oct 2019 (11:19 IST)
Updated Date: Thu, 24 Oct 2019 (11:58 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना गुरुवार को जारी है और शुरुआती रुझान में सत्तारूढ़ भाजपा ने 5 सीटों पर बढ़त बनाई है।
निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक सुबह 8 बजे शुरू हुई मतगणना के प्रारंभिक रुझान में भाजपा ने 5 सीटों इगलास, लखनऊ कैंट, मानिकपुर, गोविंदपुर और बलहा सीटों पर बढ़त बना रखी है। रामपुर और जैदपुर सीटों पर सपा के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। गंगोह सीट पर कांग्रेस, जलालपुर सीट पर बसपा और प्रतापगढ़ सीट पर भाजपा के सहयोगी अपना दल के प्रत्याशी बहुत बनाए हुए हैं।
प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों गंगोह, रामपुर, इगलास, लखनऊ कैंट, गोविंद नगर, मानिकपुर, प्रतापगढ़, जैदपुर, जलालपुर, बलहा और घोसी के लिए गत सोमवार को मतदान हुआ था। इस दौरान औसतन 45.5 फीसदी वोट पड़े थे।
इन 11 में से 10 सीटें इन पर चुने गए विधायकों के सांसद बन जाने के कारण रिक्त हुई थीं, वहीं घोसी सीट पर चुने गए विधायक फागूसिंह चौहान के बिहार का राज्यपाल बनाए जाने के बाद उनके इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी। इन सीटों में से 8 भाजपा के पास थीं जबकि 1-1 सीट सपा, बसपा और अपना दल ने जीती थी।
उपचुनाव के नतीजे सभी पार्टियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे। इन सभी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभाएं की थीं। खासकर आजम खान के दबदबे वाली रामपुर की सीट पर भाजपा के साथ-साथ सपा की भी प्रतिष्ठा का सवाल है।
आजम के खिलाफ भ्रष्टाचार तथा कई अन्य आरोपों में ताबड़तोड़ मुकदमे दर्ज किए जाने का मुद्दा उठाते हुए सपा ने एक अभियान चलाया था। रामपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में आजम की ही पत्नी तजीन फातिमा मैदान में हैं।