Publish Date: Mon, 28 Mar 2022 (12:05 IST)
Updated Date: Mon, 28 Mar 2022 (16:58 IST)
लखनऊ। विधानसभा के चुनाव प्रचार के दौरान एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव विधानसभा में कुछ अलग ही अंदाज में नजर आए।
दरअसल, विधानसभा में नवनिर्वाचित विधायकों की शपथ विधि के दौरान समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव भी शपथ लेने पहुंचे थे। इसी दौरान सदन में सीएम आदित्यनाथ और अखिलेश आमने सामने हो गए।
जैसे ही अखिलेश योगी के सामने आए उन्होंने यादव से हाथ मिलाया और उनके कंधे पर हलकी सी थपकी लगाई। हालांकि दोनों ही नेता इस दौरान एक दूसरे नजरें मिलाने से बचे।
हालांकि शपथ के दौरान सदन में नाराबाजी भी हुई। जिस समय योगी आदित्यनाथ शपथ ले रहे थे तब जय श्रीराम के नारे लगाए जा रहे थे। वहीं, जब अखिलेश ने शपथ ली तो समाजवादी पार्टी के विधायकों ने जय जवान, जय किसान के नारे लगाए।
शपथ के बाद सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्ष वर्तमान सरकार की जवाबदेही तय करने के लिए सकारात्मक तरीके से काम करेगा।