Publish Date: Sun, 26 Sep 2021 (12:46 IST)
Updated Date: Sun, 26 Sep 2021 (14:51 IST)
लखनऊ। उत्तरप्रदेश चुनाव से 4 माह पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। योगी कैबिनेट में 6-7 नए मंत्री बनाए जा सकते हैं।
संगीता बलवंत बिंद, धर्मवीर प्रजापति, छत्रपाल गंगवार, जितिन प्रसाद और संजय गौंड समेत 6-7 नेताओं को योगी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। जिन लोगों को मंत्री बनाया जा रहा है उन्हें आज शाम 6 बजे तक लखनऊ पहुंचने को कहा गया है।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार को काफी अहम माना जा रहा है। आज के विस्तार में सीएम योगी कैबिनेट में जातीय संतुलन को साधने की कोशिश करेंगे।
राज्य सरकार में मुख्यमंत्री समेत 23 कैबिनेट मंत्री, नौ स्वतंत्र प्रभार वाले राज्य मंत्री और 21 राज्य मंत्री हैं। राज्य विधानसभा में सदस्यों की संख्या 403 होने की वजह से नियमानुसार 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं, लेकिन मौजूदा समय में सिर्फ 53 मंत्री हैं और 7 पद खाली हैं।
उल्लेखनीय है कि 8 जुलाई को हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में उत्तरप्रदेश से 7 नए मंत्री बनाए गए थे। इनमें से 4 ओबीसी, 2 दलित और एक ब्राह्मण समाज से थे। यह पहली बार है जब केंद्रीय कैबिनेट में यूपी से रिकॉर्ड 15 मंत्री बनाए गए हैं।