Publish Date: Sat, 05 Jul 2025 (17:56 IST)
Updated Date: Sat, 05 Jul 2025 (18:10 IST)
new baba venga japan earthquake prediction : पूरी दुनिया की निगाहें एक भविष्यवाणी के चलते 5 जुलाई 2025 पर टिकी हुई थीं। सोशल मीडिया से लेकर पारंपरिक मीडिया तक, हर जगह एक ही बात की चर्चा थी – मॉडर्न बाबा वेंगा की जापान में आने वाली तबाही की भविष्यवाणी। कई दिनों से चल रही इस भविष्यवाणी ने लोगों के मन में डर और उत्सुकता दोनों पैदा कर दी थी। कहा जा रहा था कि 5 जुलाई को जापान में कुछ ऐसा होगा जो दुनिया को हिला देगा। अभी जब भारत में 6 बज रहे हैं जापान में रात के 9:30 बज चुके होंगे। इस तरह से अब कुछ घंटों में जब जापान में यह तारीख बीत चुकी होगी। अभी तक जापान में कोई तबाही नहीं आई, न कोई भूकंप, न कोई सुनामी, और न ही कोई और प्राकृतिक आपदा। इस तरह से यह भविष्यवाणी पूरी तरह से झूठ निकली।
क्या थी रयो तातसुकी की 5 जुलाई को लेकर भयावह भविष्यवाणी
रयो तातसुकी की इस भविष्यवाणी ने जापान सहित दुनिया भर के लोगों को दहशत में डाल दिया था। रयो ने अपनी भविष्यवाणी में दावा किया था कि जुलाई 2025 में एक विनाशकारी प्राकृतिक घटना घटने वाली है। इस भविष्यवाणी में दावा किया था कि, 5 जुलाई 2025 को जापान और फिलीपींस के बीच समुद्र में एक बड़ी दरार बनेगी। जिसके कारण एक विनाशकारी सुनामी आएगी। तातसुकी ने दावा किया था कि यह सुनामी 2011 की विनाशकारी तोहोकू सुनामी से तीन गुना ऊंची होगी। इतना ही नहीं, तातसुकी ने जापान के समुद्र के उबलने की भी बात कही थी। जिसका अर्थ पानी के नीचे ज्वालामुखी विस्फोट या एक बड़े भूकंप माना जा रहा था, जिसके कारण समुद्री जल का तापमान खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है।
क्या हुआ झूठी भविष्यवाणी का असर:
हालांकि, यह भविष्यवाणी झूठी साबित हुई, लेकिन इसका असर जापान के पर्यटन और आम जनजीवन पर निश्चित रूप से पड़ा। कई ऐसे पर्यटक जिन्होंने जुलाई में जापान जाने की योजना बनाई थी, उन्होंने अपनी यात्रा रद्द कर दी या स्थगित कर दी। उन्हें डर था कि कहीं वे किसी बड़ी आपदा का शिकार न हो जाएं। इससे जापान के पर्यटन उद्योग को बहुत नुकसान हुआ। एयरलाइंस और होटलों को भी कुछ बुकिंग रद्द होने का सामना करना पड़ा। जापान के स्थानीय लोगों में भी कुछ हद तक बेचैनी और तनाव देखा गया। लोग लगातार खबरें देख रहे थे और सोशल मीडिया पर अपडेट्स चेक कर रहे थे।
कौन हैं रयो तातसुकी?
जापानी कलाकार रयो तातसुकी (Ryo Tatsuki) का नाम इन दिनों काफी चर्चा में हैं। तातसुकी की भविष्यवाणियां बाबा वेंगा से मिलती-जुलती बताई जाती हैं। 1999 में अपनी किताब 'द फ्यूचर आई सॉ' (The Future I Saw) के माध्यम से रयो तातसुकी पहली बार वैश्विक चर्चा में आईं थीं। इस किताब में उन्होंने दुनिया के कुछ हिस्सों, जिनमें खासकर जापान के संबंध में कई हैरान कर देने वाली भविष्यवाणियां की हैं। इन भविष्यवानियों में से कुछ के सच होने का दावा भी किया जाता है।