Publish Date: Wed, 13 Jan 2021 (23:48 IST)
Updated Date: Thu, 14 Jan 2021 (00:56 IST)
नई दिल्ली। टाटा मोटर्स ने बुधवार को अपने प्रीमियम हैचबैक अल्ट्रोज ( Altroz) का नया पेट्रोल संस्करण पेश किया। इसकी बिक्री देशभर में अगले सप्ताह से शुरू होने की उम्मीद है।
यह नया संस्करण 1.2 लीटर बाइ-टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ है जो पहले से मौजूद पेट्रोल संस्करण से अधिक शक्तिशाली है। कंपनी ने कहा कि यह नया 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन पहले से मौजूद 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन से भी ज्यादा दमदार है।
कंपनी के विपणन प्रमुख (यात्री वाहन व्यवसाय इकाई) विवेक श्रीवत्स ने नए संस्करण को आभासी माध्यम से पेश करते हुए कहा, हमने चालू वित्त वर्ष में 45 हजार इकाइयों की बिक्री की है और मांग अब भी मजबूत बनी हुई है। हमें उम्मीद है कि नए संस्करण से मांग में और तेजी आएगी।
उन्होंने कहा कि नया संस्करण कंपनी की कुल बिक्री में 10 प्रतिशत तक का योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि इस नए संस्करण की कीमत की घोषणा 22 जनवरी को की जाएगी और उसी दिन से इसकी बिक्री शुरू हो जाएगी।(भाषा)