Publish Date: Wed, 24 Jan 2024 (15:30 IST)
Updated Date: Wed, 24 Jan 2024 (18:03 IST)
Ayodhya ram mandir news : अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्री रामलला के प्राण प्रतिष्ठा व गर्भ- गृह में प्रवेश के दिन 22 जनवरी को भारी संख्या में अयोध्या धाम आए रामभक्तों ने अपने आराध्य के श्री चरणों में 3 करोड़ 17 लाख रुपए का दान किया है।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन 10 दान काउंटर खोले गए थे। इसके अलावा देश दुनिया से तमाम राम भक्तों ने ऑनलाइन दान प्रभु श्री राम को भेजा है।
उल्लेखनीय है कि तिरुपति बालाजी मंदिर में हर महीने लगभग 54 करोड़ रुपए का दान आता है। सालाना मंदिर में 650 करोड़ रुपए से ज्यादा धन चढ़ाया जाता है। इसे देश का सबसे अमीर मंदिर माना जाता है। यहां प्रतिदिन करीब 60 से 80 हजार भक्त दर्शन के लिए आते हैं।
मिश्र ने कहा कि मंगलवार 23 जनवरी को 5 लाख से ज्यादा रामभक्तों ने राम जन्मभूमि का दर्शन किए। दर्शन सुव्यवस्थित हो इसके लिए प्रशासन से वार्ता करके व्यवस्था की जा रही है।
दूसरी तरफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी के साथ बैठक करके नई रणनीति तैयार की है। उन्होंने अयोध्या के आसपास के संघ के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वह मंदिर में साफ सफाई की जिम्मेदारी स्वीकार कर लें और सुव्यवस्थित मंदिर दर्शन जारी करने में सहयोग करें।
Edited by : Nrapendra Gupta